हाईकोर्ट बैंच को लेकर आंदोलन जारी
8 Sep
2009
वकीलों पर लाठीचार्ज की निंदा

बीकानेर, बीकानेर में राजस्थान हाईकोर्ट बैंच स्थापित किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन पर उतरे जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कल उदयपुर में पुलिस द्वारा आंदोलनकारी वकीलों पर लाठीचार्ज की कडे शब्दों में भर्त्सना करते हुए कहा कि यह कार्यवाही निंदनीय है, अगर ऐसी कार्यवाही दुबारा हुई तो उसका समूचे राजस्थान के अधिवक्ता एकजुटता के साथ मुंह तोड जवाब देंगे। इस मामले में जिला बार एसोसिएशन के सभापति आर.के. दास गुप्ता, अध्यक्ष अजय पुरोहित, वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश शर्मा, राजेश शर्मा, सच्चिदानंद, सुरेन्द्र शर्मा, आनंद गौड, महावीर सांखला, धर्मेन्द्र वर्मा, राजेश गुप्ता और संजय रामावत समेत समस्त अधिवक्ताओं ने कडी प्रतिक्रिया व्यक्त की। इस बीच आंदोलन के 23वें दिन यहां कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं का धरना और क्रमिक अनशन जारी रहा और समर्थन देने वालों का सिलसिला भी लगा रहा। आज जिला बार एसोसिएशन के दाऊलाल हर्ष, पुष्पेन्द्र चौधरी, नमामी शंकर भोजक, संतनाथ योगी, मुमताज कुरैशी, विनोद शर्मा और शिवलाल पुरोहित क्रमिक अनशन पर बैठे, जिनको शहर भाजपा अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी और पूर्व संसदीय सचिव गोविन्द मेघवाल ने माला पहनाकर अनशन शुरू करवाया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि आज पूर्व भाजपा शहर अध्यक्ष गोपाल गहलोत, वरिष्ठ भाजपा नेता द्वारका प्रसाद तिवाडी, बैंक एम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष वाई.के. शर्मा समेत अनेक जनों ने सहर्ष समर्थन दिया और आंदोलनकारी अधिवक्ताओं की हौसला अफजाई की।
|