जयपुर, शरद टाक । युवक कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष इरफान चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हरवर्ग का भला सोच सकती है एवं सभी वर्गो को साथ लेकर चलते हुए विकास की सोच रखती है। आज भी अल्पसख्ंयक वर्ग कांग्रेस के साथ है। प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी नागौर जिले के मेडता सिटी में मंगलवार रात्रि को साढे 10 बजे यहा पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। चौधरी ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों की हितैषी का ढोंग करने वाली भाजपा सरकार ने मुसलमानों के विकास के लिए कुछ नही किया, महज कागजी घोषणाओं पर टीकी प्रदेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाने के लिए आतुर है। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिस तरह जातिवाद का जहर घोला ह उससे प्रदेश के हालात बिगडे है। इसी कोशिश का नतीजा है कि राजस्थान में गुर्जर व मीणा में टकराव की स्थिति पैदा हुई। उन्होने कहा कि भाजपा जाति-वर्ग के नाम पर जो वोटो की राजनीति कर रही ह उसे लोकतंत्र में कोई स्थान नही है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस एक अमन, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश देने वाली पार्टी है, जो भाजपा के गलत मंसूबों को कभी कामयाब नही होने देगी। उन्होने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने अब तक कार्यकाल में जो जनविरोधी नीति अपनाई है, उससे आने वाले विधानसभा चुनाव में इस सरकार की विदाई तय है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को परख चुकी है और प्रदेश की बागडोर कांग्रेस को सौपने का मन बना चुकी है।