प्रमुख चौराहे शनिवार को होंगे रौशन
9 May
2008
बीकानेर, जिले में शनिवार को 1857 के स्वतंत्रता आंदोलन की वर्ष गांठ मनाई जायेगी। प्रमुख कस्बों में शहीद स्मारकों, प्रमुख चौराहों पर दीप जलाए जायेंगे और मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जायेगी।
इस संबंधम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) पी.सी.मावर की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई। मावर ने नगर परिषद, नगर विकास न्यास, नागरिक सुरक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, रोटरी, लायन्स क्लब, मल्टी विजन हैल्पेज ऑग्रनाईजेशन, सैनिक कल्याण अधिकारी तथा नेहरू युवा केन्द्र को बीकानेर शहर के प्रमुख चौराहों पर दीप प्रज्जवलित करने का दायित्व दिया है।
शनिवार को बीकानेर शहर सहित कस्बों में सांय 6.57 मिनट पर 150 सैकण्ड का मौन रखकर 1857 के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जायेगी। बीकानेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सांय 6.57 मिनट पर सायर बजेगा। यह तीस सैकण्ड का होगा और इसके बाद एक और सायरन बजेगा। सायरन बजते ही शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन होगा। इसी प्रकार से प्रमुख चौराहों, सर्किलों व शहीद स्मारकों पर 150 - 150 दीपक रौशन किये जायेंगे। पंचशती सर्किल, तुलसी सर्किल, अम्बेडकर सर्किल, मैजर पूर्ण सिंह सर्किल, जयनारायण व्यास सर्किल, गोगागेट सर्किल, भीमसेन सर्किल, वीर दुर्गादास सर्किल, प.दीन दयाल उपाध्याय सर्किल, गौकुल सर्किल, जस्सूसर गेट सर्किल, हल्दी राम प्याऊ तिराहा, गंगाशहर सर्किल, कीर्ति स्तम्भ, तीर्थ स्तम्भ, बडा बाजार सर्किल, शनि मन्दिर सर्किल, पूगल फांटा तिराहा, नाणेचेजी मंदिर के पास, म्युजियम तिराहा तथा मेडिकल सर्किल आदि पर दीपक रौशन किये जायेंगे। मावर ने शहीदों के बलिदान के सम्मान में जिला वासियों से मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
|