नई दिल्ली, ०९ जुलाई। राजस्थान की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सोमवार को नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री श्री चन्द्र शेखर के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की। श्रीमती राजे सोमवार को प्रातः जयपुर से नई दिल्ली पहुंची और हवाई अडडे से सीधे पूर्व प्रधानमंत्री श्री चन्द्र शेखर के राजकीय निवास तीन, साउथ एवेन्यू लेन जाकर उन्हें पुष्पांजली अर्पित कर श्रद्धांजली दी। श्रीमती राजे के साथ राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यगण श्री राजेन्द्र सिंह राठौर, श्री कालू लाल गुर्जर, मोहम्मद युनूस खान, संसदीय सचिव और सूचना एवं जन संफ विभाग के प्रभारी श्री भवानी सिंह राजावत ने भी दिवगंत नेता को पुष्पांजली अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि स्वर्गीय चन्द्र शेखर को एक अच्छे इंसान के रुप में चिरकाल तक याद किया जावेगा। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व में देश की समस्याओं और उनके समाधान के प्रति गहरी समझ थी। वे अपने जमाने के युवा तुर्क और समाजवादी नेता होने के साथ-साथ एक सुलझे हुए राजनीतिज्ञ और श्रेष्ठ सांसद थे। वह हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्षधर रहे और देश की उन्नति के बारे में सोचते थे। संपूर्ण क्रान्ति के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण के निकट सहयोगी रहे श्री चन्द्रशेखर के निधन से देश में एक प्रबुद्ध विचारक और समर्पित नेता खो दिया है।