शरद टाक
मेडता सिटी। समीपवर्ती हरियाढाणा से कुचेरा जा रही एक बारात के दुल्हे की टवेरो कार बुधवार को स्थानीय पुराने पुलिस थाने के पास तेज रफ्तार से चलने के कारण दोपहर दो बजे चार पलटी खा गई। जिसमें सवार दुल्हे सहित 12 जने गम्भीर रूप से घायल हो गये जिनमें से 9 जनों को अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में रेफर किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बोरून्दा के पास हरियाढाणा गांव से बारात दोपहर साढे बारह बजे रवाना होकर कुचेरा निवासी ओमप्रकाश ऊंटवाल के यहां जा रही थी कि मेडता शहर के पुराने पुलिस थाने के पास तेज रफ्तार से चलने के कारण असन्तुलित होकर चार पलटिंया खा गई।
इस कारण टवेरो कार में सवार सभी बारह जनों को गम्भीर चोटें लग गई। घटना की सूचना पर पुलिस दल ने सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय राजकीय चिकित्सालय में लाया। इस सूचना पर पुलिस थाना प्रभारी जब्बरसिंह चिकित्सालय पहुंचे तथा मौका मुआयना करते हुए विभागीय कार्यवाही की।
इस घटना में गम्भीर रूप से घायल ड्राईवर सम्पत माली (28) निवासी भोपालगढ, दुल्हा विष्णु पुत्र राजेश (21), श्रीराम पुत्र भंवरलाल दर्जी (13) निवासी पीह थांवला, भंवरलाल पुत्र शंकरलाल दर्जी (45) निवासी पीह थांवला, पुनमचंद पुत्र सुवालाल टेलर (28) निवासी जसनगर, लक्ष्मण पुत्र भंवरलाल (6) निवासी पीह थांवला, सिमरन पुत्री पुनमचंद टेलर (5) निवासी जसनगर, कैलाश पुत्र जगदीश (29) निवासी रेण, शिवराज पुत्र शंकरलाल (40) निवासी पीह थांवला इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया जबकि मंगलचंद पुत्र सुरेशचंद दर्जी (20) निवासी हरियाढाणा, रवि पुत्र शिवराज (16) निवासी पीह थांवला, कैलाश पुत्र मिशुलाल निवासी जसनगर का उपचार स्थानीय राजकीय चिकित्सालय में चल रहा ह।
इस घटना की सूचना ज्यों ही वर और वधु दोनों पक्षों को मिली तो दोनों पक्षों के लोगों के होश ही उड गये और जो खुशी और उल्लास दोनों पक्षों में था वो एक दुख में बदल गया।
इस कारण बुधवार को होने वाला यह विवाह टल गया और बारात से भरी बस को वापस लौटना पडा।