11 जुलाई से पत्रकार जिला पुलिस के खिलाफ चलायेंगे आंदोलन
9 Jul
2009
असहयोग नीति अपनाकर पुलिस गुण्डागर्दी का करेंगे विरोध
हनुमानगढ। जिले के टिब्बी कस्बे के पत्रकार विजेन्द्र शर्मा के साथ भादरा पुलिसकर्मी फतेह सिंह द्वारा किये गये अभद्र व्यवहार के मामले में अब तक कार्यवाही नहीं होने पर जिले के पत्रकारों में रोष व्याप्त है। पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा बार-बार कार्यवाही का आश्वासन देने की बात को विराम लगाते हुए अब पत्रकार पुलिस का विरोध करेंगे। इस मामले में टिब्बी व हनुमानगढ के पत्रकारों का एक शिष्टमण्डल गत दिनों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को मिला था ओर दोषी पुलिसकर्मी पर कार्यवाही बाबत ज्ञापन सौंपा था मगर इतना समय गुजरने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन द्वारा दोषी पर कार्यवाही न किये जाने से पत्रकारों में रोष है। पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला इकाई हनुमानगढ ने आगामी 11 जुलाई को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर रोष प्रर्दशन का निर्णय लिया है जिसमें जिले की सभी तहसील इकाईयों से जुडे पत्रकार शामिल होंगे। इसके अलावा संघ से जुडे पत्रकारों ने पुलिस के असहयोग का निर्णय भी लिया है। संघ के जिलाध्यक्ष अनिल जांदू ने बताया कि 11 जुलाई को रोष प्रदर्शन के बाद संघ की बैठक का आयोजन की जायेगी। गौरतलब है कि टिब्बी के वरिष्ठ व गणमान्य पत्रकार विजेन्द्र शर्मा गत 2 जुलाई की रोडवेज बस से हरिद्वार से हनुमानगढ आ रहे थे कि रात्रि 12 बजे भादरा के पास रोडवेज टिकट चैकिंग दल ने बस की टिकट चैक की तो इसी दौरान शराब के नशे में धुत्त दो अपराधी किस्म के लोगों ने विजेन्द्र से दुर्व्यवहार किया था और मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने भी अपराधियों का साथ देते हुए पत्रकार विजेन्द्र से ही दुर्व्यवहार किया और दोषियों को मौके से भगा दिया। ऐसे में ब्लाईंड मर्डर मामलों में चर्चित नोहर व भादरा में रात्रि को अपराधियों का सरेआम घुमना और पुलिस का संरक्षण मिलना अपराधियों के हौंसले बुलंद किये हुए है। अतः राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला इकाई 11 जुलाई से जिले भर में पुलिस से असहयोग नीति पर आंदोलनात्मक कदम उठायेगा।
|