जी टीवी के प्रोग्राम सा रे गा मा पा के प्रतिभागी बीकानेर निवासी राजा हसन के बीकानेर आगमन पर बीकानेरवासियों ने पलक पाँवडे बिछाकर स्वागत किया। राजा हसन शाम को करीब सात बजे बीकानेर पहचा जहाँ अम्बेडकर चौराहे पर खडे लोगों ने राजा का दिल खोलकर स्वागत किया। राजा हसन को यहाँ से काफिले के रूप में डीआरएम ऑफिस होते हुए के ई एम रोड ले जाया गया। के ई एम रोड से जोशीवाडा होते हुए राजा दाउ जी के मंदिर पहचा और वहाँ भगवान के दर्शन करने के बाद मौहल्ला चुनगरान में स्थित दरगाह पर दुआ मांगी। बाद मे राजा का यह काफिला तेलीवाडा होते हुए मौहता चौक पहचा जहाँ पर राजीव यूथ कल्ब के अध्यक्ष अनिल कल्ला के नेतृत्व में भारी संख्या में उपस्थित लोगों ने राजा का स्वागत किया। बाद में यह काफिला बाहरगुवाड पहचा जहाँ पर बारहगुवाड यूथ कल्ब के कार्यकर्ताओं ने राजा का जोरदार स्वागत किया। खबर लिखे जाने तक राजा का बारहगुवाड में स्वागत चल रहा था। पूरे रास्ते में स्वागत द्वार बनाकर जगह जगह पर राजा का स्वागत किया गया। लोगों ने फूलमालाऍं पहनाकर राजा का अभिनंदन किया। राजा के साथ उनके पिता रफिक सागर, भूरसा जोशी, अनवर अजमेरी सहित बीकानेर के बडी संख्या में कलाप्रेमी लोग थे।
इससे पहले राजा का बीकानेर के नोखा में स्वागत किया गया। यहाँ पर बीकानरे के जिला प्रमुख व पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी ने राजा का माला, साफा पहनाकर व शॉल ओढाकर अभिनंदन किया। रास्ते में जगह जगह पर गाँवों में भी राजा का स्वागत किया गया। इसके बाद देशनोक में करणी माता के मंदिर में राजा हसन ने दर्शन किए और माँ करणी की आरती की। यहाँ पर भी कस्बे के निवासियों द्वारा राजा हसन का अभिनंदन किया गया। बाद में राजा सडक मार्ग से बीकानेर पहचा।
राजा के काफिले में लोग ढोल ताशे बजाकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे थे। लोगों का हूजूम राजा हसन की एक झलक पाने के लिए घण्टों छतों पर खडा रहा। राजा ने भी लोगों से दिल खोलकर मिलने की कोशिश की और प्रत्येक शख्स को जबाब दिया।
लचर रही पुलिस व्यवस्था टीवी कलाकार राजा हसन के बीकानेर आगमन पर वैसे तो पुलिस प्रशासन के काफी इंतजाम किए थे लेकिन ट्रेफिक के मामले में बीकानेर का पुलिस प्रशासन यहां पर भी लचर दिखा। राजा के काफिले का रास्ता तय था लेकिन इसके बावजूद इन मार्गों पर कोई विशेष पलिस व्यवस्था नहीं की गई थी । इस कारण राजा के काफिले का आगे बढने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पडा। इस कारण जगह जगह पर जाम की स्थिति रही और जाम लगा रहा । लोगों को इस जाम के चलते भयंकर परेशानी का सामना करना पडा। पिछली बार संदीप आचार्य के बीकानेर आगमन के समय भी इस समस्या के रूबरू हुई बीकानेर पुलिस इस बार भी अपने को बदल नहीं पाई और कोई सुधार नजर नहीं आया।