हिन्दू संगठनों की बैठक आहूत
सूरतगढ, (विकास यादव)अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित भूमि निरस्त करने के विरोध में 13 अगस्त को प्रस्तावित चक्काजाम की सफलता के लिए रणनीति बनाने हेतु रविवार को शाम 6 बजे संघ कार्यालय में हिन्दू संगठनों की बैठक आहूत की गई है। बजरंग दल के जिला संयोजक महेन्द्र नागर ने बताया कि बैठक में टोलियां बनाकर चक्काजाम के लिए जिम्मेवारी सौंपी जाएगी। चक्काजाम श्रीबिजयनगर-जैतसर मार्ग पर किया जाएगा।
सूरतगढ क्षेत्र की समस्याएं प्राथमिकता से हल करने की मांग
सूरतगढ, (विकास यादव)सूरतगढ को जिला बनाओ अभियान समिति के पूर्व संयोजक दिलात्म प्रकाश जैन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सम्भागीय मंत्रीमण्डल की बैठक में सूरतगढ क्षेत्र की समस्याएं प्राथमिकता से हल करने की मांग की है। पत्र में 13 अगस्त को बीकानेर संभाग की समस्याओं को लेकर प्रस्तावित मंत्री मण्डल की बैठक में सूरतगढ को जिला बनाने की मांग पर गंभीरता से चर्चा कर सकारात्मक रुख अपनावें। इसके अलावा राजियासर या बीरमाना को तहसील व जैतसर को उप तहसील तथा कई गांवों को राजस्व गांव घोषित करने, ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति देने, उपनिवेशन से बाहर किये 47 गांवों में 8 किमी परिधि वाले गांवों को खातेदारी अधिकार देने तथा बडी पंचायत समितियों को तोडकर नई पंचायत समितियां घोषित करने की मांग की गई है।
भाजयुमो के कार्यकर्ताओ को झण्डी दिखाकर रवाना किया
सूरतगढ, (विकास यादव)आतंकवाद व महंगाई के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा दिल्ली में शनिवार को आयोजित क्रांति रैली में यहां से बडी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं की बस को शुक्रवार रात्रि पार्टी के जिला महामंत्री नरेन्द्र घिंटाला, मोर्चा के नगर अध्यक्ष कृष्ण छिम्पा व मुरलीधर पारीक ने झण्डी दिखाकर रवाना किया।
कृष्णलीला की तैयारियों बाबत चर्चा
सूरतगढ, (विकास यादव)नवयुवक जागृति संस्था की बैठक सचिव प्रेमप्रकाश राठौड के निवास पर शनिवार को हुई। बैठक में नवरात्रा में आयोजित की जाने वाली कृष्णलीला की तैयारियों बाबत चर्चा की गई। इसके लिए संस्था के पदाधिकारी वृंदावन जाकर दक्ष कलाकारों से सम्फ करेंगे। बैठक में संयोजक प्रदीप सिखवाल, राजकुमार कामरा, अध्यक्ष दिनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मनोज स्वामी, वेदप्रकाश गावडी, मोहित राजदेव, लालचंद शर्मा, सुरेश भार्गव, धनपत सोनी आदि उपस्थित हुए।
भगवान किसी का अहंकार सहन नहीं कर सकते
सूरतगढ, (विकास यादव)प्रचारिका सुश्री ब्रज भुवनेश्वरी देवी ने सनातन धर्म प्रचार आश्रम में अपने प्रवचन के छठे दिन कहा कि भगवान किसी का अहंकार सहन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने पूरे संसार को भगवान की माया बताते हुए कहा है कि तुलसीदास ने लिखा है कि माया भगवान की दासी है और जब तक श्रीराम नहीं चाहते तब तक माया मनुष्य का पीछा नहीं छोडती। उन्होंने कहा कि जो काम, क्रोध, लोभ, मोह से दूर है वही सच्चा संत है। प्रचारिका ने कहा कि भक्ति कभी खत्म नहीं होती उसका फल जन्म-जन्मांतर तक मिलता रहता है।