जयपुर। राज्यपाल एस.के. सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से कहा है कि वे अपने संस्मरणों को लिखें और उन्हें प्रकाशित करायें। उन्होंने कहा कि इससे स्वतंत्रता आन्दोलन की यादें ताजा होंगी और नौजवान पीढी का ज्ञान भी बढेगा। सिंह रविवार को यहां डाक बंगले के सभागार में राजस्थान और गुजरात के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को संबोधित कर रहे थे। क्रांति दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का राजस्थान प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी संगठन ने आयोजन किया। राज्यपाल ने कहा कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के बीच आकर आल्हादित हुए हैं। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को खुश रहने, स्वस्थ रहने और उनके परिवारजनों को भी निरन्तर प्रगति करने के लिए शुभकामनाएं दीं। सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। स्वतंत्रता सेनानियों के कार्य सदैव याद रहेंगे और भावी पीढी के लिए वे आदर्श बने रहेंगे। इससे पहले डाक बंगले पहुंचने पर राज्यपाल श्री सिंह का स्वतंत्रता सेनानी श्रीमती नारंगी देवी व उगमराज मोहनोत ने सूत की माला पहनाकर स्वागत किया। स्वतंत्रता सेनानियों ने राज्यपाल को अपना अनुग्रह ज्ञापन दिया। कार्यक्रम का संचालन ब्रजमोहन व्यास ने किया। समारोह में राजस्थान और गुजरात के स्वतंत्रता सेनानियों ने भाग लिया।