जयपुर। पीआरओ निदेशक डॉ.अमर सिंह राठौड ने कहा है कि भारत की लगभग पांच हजार वर्षों पुरानी संस्कृति एवं परम्पराएं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ओतप्रोत है। हमें हमारी इन सामाजिक मान्यताओं और मूल्यों को अक्षुण्ण रखना होगा। राठौड रविवार को अलवर सूचना केन्द्र के सभागार में राजस्थान में यूनेस्को फैडरेशन की राज्य स्तरीय इकाई द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय अवार्ड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने नैतिक मूल्यों में निरन्तर आ रही गिरावट के प्रति चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के बाद देश में नैतिक मूल्यों में भारी गिरावट आई हैं इससे सामाजिक, राजनैतिक व आर्थिक रुप से देश कमजोर हुआ हैं। इस स्थिति को संभालने के लिए जरूरी है कि हम हमारे मूल्यों को पुनःस्थापित कर आम आदमी में सामाजिक जागृति पैदा करें । उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संगठन और जागरूक लोग समाज को समर्थ और सक्षम बनाने के लिए आगे आये जिससे समाज में सतत परिवर्तन हो सकें । लोग अपने अधिकारों की रक्षा के साथ -साथ कर्त्तव्यों का भी निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति दूसरे के अधिकारों का भी ध्यान रखें। राठौड ने कहा कि वर्तमान में देश को विकसित एवं समृद्घ बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका हैं। मीडिया को चाहिए कि वह बाजारवाद से ऊपर उठकर आम आदमी की चिन्ता करें । उन्होंने कहा कि समाज को रचनात्मक पत्रकारिता की जरुरत हैं, सकारात्मक सोच के साथ समाज को नई दिशा देने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आम आदमी को शिक्षित करने की जरूरत हैं। उन्होंने समाज के बुद्घिजीवी व पढे लिखे लोगों का आह्वान किया कि वे आगे आकर समाज को सही दिशा दें । इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्फ निदेशक डॉ.अमर सिंह राठौड, निःशक्तजन आयुक्त खिल्ली मल जैन, एस.एम.एस. के प्राचार्य डॉ.अशोक पनगडिया, वरिष्ठ पत्रकार एवं सम्पादक अमृत इण्डिया अमृत जैन, शिक्षाविद एवं निदेशक आकाशदीप ग्रुप ऑफ स्कूल एण्ड कॉलेज,जयपुर एल.सी.भारतीय को यूनेस्को चेतना सम्मान प्रदान किया तथा स्मृति चिन्ह एवं शॉल ओढाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधिपति एस.एन.भार्गव ने की। इस अवसर पर राजस्थान में यूनेस्को के उद्देश्यों की क्रियान्विति एवं जन अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले राजस्थान के प्रमुख व्यक्तियों को भी विशिष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। इससे पहले भारतीय यूनेस्कों क्लब महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम बनवाडी ने अपने स्वागत उद्बोधन में संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।