जयपुर। मुख्यमंत्री गहलोत ने विद्युत अधिकारियों को संवेदनशील होकर किसानों को बिना रुकावट के बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री आज मुख्यमंत्री कार्यालय में विद्युत आपूर्ति के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में बताया गया कि वर्षा की कमी के कारण पूरे उत्तरी क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता में कमी आई है और विद्युत की मांग और आपूर्ति में अन्तर बढ गया है। गहलोत ने कहा कि राज्य में बिजली आपूर्ति को लेकर जो समस्या है उसे दुरुस्त करने के लिए बिजली को पहले से ही खरीदने की जरूरत पडे तो उसे खरीदकर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा कि विद्युत उपलब्ध कराना हमारी उच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में बिजली उपलब्ध कराने के लिए उद्योगों और शहरी क्षेत्रों में भी विद्युत की कटौती की जा सकती है। बैठक में यह भी बताया गया है कि उत्तर ग्रिड से आवर्ति कम होने के कारण भी अतिरिक्त बिजली लेना संभव नहीं हो पा रहा है। बैठक में ऊर्जा एवं अकाल सहायता मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, सहकारिता मंत्री परसादी लाल मीणा, कृषि मंत्री हरजीराम बुरडक, ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री भरत सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एमादुद्दीन खान, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री बाबूलाल नागर, अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री टी.श्रीनिवासन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख शासन सचिव उपस्थित थे।