सूरतगढ, 8 दिसम्बर। कांग्रेस प्रत्याशी गंगाजल मील जोरदार जीत के बाद इलाके में पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने उनके स्वागत में पलक पावडे बिछा दिए। लोगों ने ढोल-नगाडों के साथ नाचते-झूमते, पटाखे बजाते व गुलाल उडाते हुए मील का गर्मजोशी से अभिनन्दन किया। मील की जीत का समाचार यहां जैसे ही पहुंचा तो चुनाव कार्यालय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समर्थकों की भारी भीड उमड पडी। कार्यालय में मौजूद जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील को भी लोगों ने बधाई दी। अति उत्साहित भीड ने गुलाल लगाकर परस्पर बधाई दी। लोगों ने पटाखे बजाने के साथ खूब गुलाल उडाई। शाम को विधायक गंगाजल मील का काफिला यहां पहुंचा तो हजारों की तादाद में उपस्थित भीड का जुनून हिलोरे मारने लगा। हर तरफ कांग्रेस पार्टी व गंगाजल मील जिंदाबाद के गगनभेदी नारे गूंजने लगे। २२ एलजीडब्ल्यू, श्योपुरा कस्सी, भगवानसर, मानकसर चौराहा पर हजारों समर्थको ने गर्मजोशी के साथ मील का स्वागत किया। इसके बाद गंगाजल मील का इंदिरा सर्कल पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। यहां पर ऐसा लग रहा था कि पूरा इलाका सडकों पर उतर आया हो। हजारों की भीड ने मील के स्वागत में पलक-पांवडे बिछा दिए। लोगों ने मील को मालाओं से लाद दिया। डीजे व ढोल नगाडों पर लोग झूमते हुए चल रहे थे। गुलाल व आतिशबाजी ने शहर की फिजा इस कदर कर दी कि दीपावली व होली का त्योहार एक साथ आ गया है। दुकानदारों सहित अन्य लोगों ने भी विधायक मील का माला पहनाकर अभिनन्दन किया। बादम में चुनाव कार्यालय पहुंचे तो वहां मौजूद समर्थकों की अप्रत्याशित भीड ने जयघोष लगाकर मील का स्वागत किया। इसके अलावा विजयी जुलूस महाराणा प्रताप चौक, बडोपल रोड, भगतसिंह चौक, भग्गूवाला कुआं चौक आदि से होता देर शाम तक शहर में घूमता रहा। खुली जीप में सवार मील हाथ जोडकर लोगों का आभार जताते हुए उनका अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। नवनिर्वाचित विधायक गंगाजल मील ने क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी जीत विधानसभा क्षेत्रवासियों की जीत है। मील ने कहा कि वे अपनी जन्मस्थली व कर्मस्थली पर और अधिक जोश-खरोश से लोगों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास व समस्याओं के समाधान के प्रति कटिबद्ध रहेंगे। विधायक मील ने कहा कि जनता जनार्दन ने उनमें जो विश्वास व्यक्त किया है उसे वे कभी ठेस नहीं लगने देंगे। इसके अलावा जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील, नगरपालिका अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद कुरैशी, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बलराम वर्मा, पालिका उपाध्यक्ष विनोद पाटनी, ब्लॉक अध्यक्ष रामनारायण सुथार, महेन्द्र मील, हनुमान मील, किशन मील आदि को भी कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर जीत की बधाई दी। नगर महामंत्री अशोक अग्रवाल पुरानी धानमण्डी में मिठाई बांटर खुशी का इजहार किया।