बीकानेर के डॉ. करणी स्टेडियम में ऊंट उत्सव आरम्भ
10 Jan
2009
बीकानेर, पन्द्रहवां अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव शनिवार को बीकानेर के डॉ.करणी स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऊंटों के रोचक एवं रोमांचक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ।
बीकानेर के संभागीय आयुक्त प्रीतम सिंह तथा जिला कलक्टर श्रेया गुहा ने शान्ति के प्रतीक सफेद कपोत तथा रंग बिरेंगे गुब्वारे आसमान में छोडे। पहले दिन ऊंट नृत्य, ऊंट श्रृंगार एवं ऊंटो की बाल कतराई तथा ऊंटनी के दूध दुहने की प्रतियोगिताएं हुई। इन प्रतियोगिताओं में करीब तीन दर्जन से अधिक ऊंटों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सतार खां लंगा एण्ड पार्टी ने स्वागत गीत, केसरिया बालम और गोरबन्द लोक गीत पेश किया।
उद्घाटन से पूर्व ऊटों का लवाजमा निकाला गया। लवाजम में मंगलाराम भील एण्ड पार्टी मशक पर लोक गीतों की धुन बजाते चल रहे थे। प्रदेश के विभिन्न इलाकों से आये कलाकार नृत्य करते व गाते हुए चल रहे थे। लवाजमे में ऊंट की उपलब्धता, भार ढोने की क्षमता का भी प्रदर्शन किया गया। सजे-धजे ऊंटों पर रणबांकुरे शान से चल रहे थे। मिस्टर बीकाणा जूनियर व सीनियर दो वर्गो में प्रतियोगिता आयोजित की गई और मिस मरवण प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक युवतियों ने बीकानेरी कला, सौन्दर्य, वेशभूषा तथा आभूषणों का प्रदर्शन किया।
ऊंट फरकटिंग प्रतियोगिता में गोरधन राम प्रथम, श्यामा राम नाई द्वितीय और बेरीराम तृतीय रहे। ऊंट नृत्य में बेरीराम प्रथम,मोहम्मद खान द्वितीय,मौज अली तृतीय रहे। ऊंटनी का दूध निकालने की प्रतियोगिता में किशना राम राईका प्रथम,रूपा राम द्वितीय, ऊंट श्रृंगार में लक्षमण राम प्रथम,बरीराम उर्फ नेकी राम (झुंझुंनू) द्वितीय तथा अख्तर अली तृतीय स्थान पर रहे। मिस्टर बीकाणा प्रतियोगिता में चालीस वर्ष से कम आयु वर्ग में नवरतन किराडू प्रथम, अनिल बोडा द्वितीय व राजेन्द्र व्यास तृतीय स्थान पर रहे। चालीस वर्ष से अधिक आयुवर्ग में कन्हैया लाल रंगा ने पहला, राम रतन रंगा ने दूसरा व रामेश्वर लाल मारू ने तीसरा स्थान पाया। एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन ए.के.मुथेना ने प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया। मिस मरण प्रतियोगिता का परिणाम रविवार को लाडेरा में घोषित किया जायेगा।
उत्सव के दौरान हिन्दी में ज्योति प्रकाश रंगा व संजय पुरोहित ने और अंग्रेजी में किशोर राजपुरोहित व चित्र हेनरी ने बीकानेर के ऊंट उत्सव, सांस्कृतिक वैभव, कला व संस्कृति के बारे में जानकारी दी।
ऊंट उत्सव के दूसरे दिन 11 व 12 जनवरी के सभी कार्यक्रम लाडेरा गांव में होंगे। लाडेरा में 11 जनवरी को दोपहर दो बजे से ग्रामीण कुश्ती, तीन से साढे तीन बजे तक ग्रामीण कबड्डी, साढे तीन से शाम चार बजे तक घोडा दौड, शाम चार बजे से पांच बजे तक ऊंट दौड, महिलाओं के म्यूजिकल चेयर शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम व अग्नि नृत्य का आयोजन होगा।
उत्सव के तीसरे दिन लाडेरा गांव में ही खो-खो, चरखा प्रतियोगिता, घोडा दौड, ऊंटनी दौड प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अग्नि नृत्य व आतिशबाजी का आयोजन होगा।
|