बांसवाडा, 10 फरवरी/ जिले की जनता की सहभागिता से पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित माही महोत्सव 12 फरवरी, मंगलवार की सांय कुशलबाग मैदान में आयोजित समापन समारोह में समाज-जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जिले की 15 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला कलक्टर विकास एस. भाले ने बताया कि माही उत्सव के समापन समारोह में स्वतंत्रता आन्दोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए जिले के वर्तमान में एकमात्र स्वतंत्रता सेनानी मास्टर सूरजमल, विधि एवं न्यायपालिका के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधिपति दिनकरलाल मेहता, वैदिक ज्ञान एवं सस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए दशकों से समर्पित ब्रह्मर्षि पं. महादेव शुक्ल, चित्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य के लिए देश के मशहूर चित्रकार डॉ. विद्यासागर उपाध्याय (परतापुर), भारतीय जन सेवा प्रतिष्ठान के माध्यम से वागड अंचल की शिक्षा के क्षेत्र में सेवाओं के लिए श्री रामस्वरूप महाराज, सामाजिक सौहार्द तथा भाईचारे की भावना के विकास के लिए बांसवाडा के शहर काजी नुरूलहसन, जिले के औद्योगिक विकास में भागीदारी के लिए मयूर मिल के निदेशक जे.सी. लढ्ढा, तीरंदाजी में जिले का गौरव बढाने के लिए प्रसिद्व तीरन्दाज श्यामलाल, मानगढ धाम के विकास के लिए नाथूराम भगत, घोटिया आम्बा के पुनरुद्धार के लिए घोटिया आम्बा के महन्त हीरागिरि महाराज, आदिवासी क्षेत्र में जन-जागृति के लिए लालशंकर पारगी, साहित्य एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मशहूर कलामर्मज्ञ डॉ. वीरबाला भावसार, विधि के क्षेत्र में लम्बे समय तक सराहनीय सेवाओं के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता सवाईलाल गुप्ता, चिकित्सा के क्षेत्र में प्रशंसनीय सेवाओं के लिए डॉ. मुनव्वर हुसैन तथा प्राचीन साहित्य एवं वैदिक संस्कृति के पुनर्जागरण के लिए विश्व भर में ऋग्वेद की शांखायनी शाखा के एकमात्र वेद विद्वान पं. शुभशंकर झा को शॉल ओढाकर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान
अतिरिक्त जिला कलक्टर अबरार अहमद ने बताया कि माही महोत्सव के समापन समारोह में जिले से विदा हो रहे निर्वतमान जिला कलक्टर विकास एस. भाले को विदाई दी जाएगी तथा नवागन्तुक जिला कलक्टर भानुप्रकाश एटरू का स्वागत किया जाएगा।