जयपुर । राज्य में शहरी क्षेत्रों की वर्तमान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियन्ता (मुख्यालय) स्तर पर सम्भागवार समीक्षा की जायेगी। समीक्षा बैठक की शुरूआत सोमवार को अजमेर सम्भाग से हुई। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियन्ता (मुख्यालय) एम.के.एम. जोशी के अनुसार इस समीक्षा बैठक में शहरी क्षेत्र के पेयजल स्रोतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी के साथ आगामी तीन माह के लिये बनाये गये कन्टीजेन्सी प्लान पर गहन चर्चा कर उसे समयबद्घ रूप से लागू करने के लिये तैयार कार्य योजना को अंतिम रूप दिया जायेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भरतपुर सम्भाग की बैठक 12 अगस्त को, बीकानेर सम्भाग की बैठक 17 अगस्त को, जयपुर संभाग की बैठक 19 अगस्त को, जोधपुर सम्भाग की बैठक 21 अगस्त को, कोटा सम्भाग की बैठक 24 अगस्त को तथा उदयपुर सम्भाग की बैठक 26 अगस्त को मुख्य अभियन्ता कार्यालय में होगी। संबंधित सम्भाग के अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता स्वयं इस बैठक में हिस्सा लेंगे ताकि यहां लिये जाने वाले निर्णय को बिना विलम्ब मूर्तरूप दिया जा सके। मुख्य अभियन्ता के अनुसार समीक्षा बैठक में राज्य योजना एवं अन्य मद में स्वीकृत पेयजल योजनाओं की प्रगति, स्वीकृत नलकूप एवं हैण्डपम्प वेधन की स्थिति लम्बित विद्युत कनेक्शन, राज्य में अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय स्तर पर चल रहे नियंत्रण कक्ष, अवैध जल कनेक्शन हटाने की प्रगति, सांसद एवं विधायक स्थानीय विकास योजना के अन्तर्गत स्वीकृत कार्य एवं उनकी प्रगति, हैण्डपम्प मरम्मत अभियान एवं परित्यक्त हैण्डपम्पों को मौके से हटाने के कार्य की विस्तृत समीक्षा की जायेगी तथा शहरी क्षेत्र की पेयजल योजना का डाटा बैस भी तैयार किया जायेगा।