जयपुर। भूटान, इन्डोनेशिया, थाइलैण्ड एवं फिलीपाइन्स के 2 दर्जन राजकीय अधिकारियों ने सोमवार दोपहर इन्दिरा गांधी पंचायती राज संस्थान के सभागार में राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सचिव राजेन्द्र भाणावत ने इन अधिकारियों को क्षेत्रीय विकास एवं व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारन्टी कार्यक्रम के अलावा राजस्थान की भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निष्काम दिवाकर ने हरित राजस्थान सहित जिला परिषद के अन्य कार्यों की जानकारी दी। नई दिल्ली स्थित सोसायटी फॉर डवलपमेन्ट स्टडीज की एसोसियेट महानिदेशक श्रीमती स्तुति लाल ने बताया कि यह अधिकारी भारत सरकार में वित्त मंत्रालय के कोलम्बो प्लान के तहत आवश्यकता का आंकलन, पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन तथा विकेन्द्रीकृत शासन के लिए सूचना उत्पादन तकनीक में वृद्घि के लिए 6 सप्ताह के भारत दौरे पर आये हैं। अब तक तीन सप्ताह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं, राजस्थान में एक सप्ताह के लिए क्षेत्रीय अनुभव प्राप्त करेंगे। अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव सुनाते हुए इन अधिकारियों ने भाणावत से आवास आवंटन बीपीएल की चयन प्रक्रिया, नरेगा की कार्य प्रणाली, स्वयं सहायता समूह, चारागाह क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के तरीकों पर आधारित सवाल पूछे। महिला अधिकारियों ने रोजगार सृजन तथा सहायता समूहों के लाभ पर अपने प्रश्न केन्द्रित रखे तथा ग्रामीण महिला श्रमिकों की प्रशंसा की।