बीकानेर। जिले में पूगल थाने इलाके के बहुचर्चित जाकिर खां हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस को आज एक सफलता मिल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वारदात में पकडे गये मुल्जिम पक्ष के लोगों ने मृतक जाकिर की पत्नी जैनब और उसके बच्चे अमानुल्ला को अपनी गिरफ्त से मुक्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। गौरतलब रहे कि हत्याकांड के दौरान अभियुक्तों ने मृतक की पत्नी जैनब और उसके बच्चे को रामपुरा बस्ती से अगवा कर लिया था। वारदात के बाद तीन दिन तक अभियुक्तों की बंधक रही जैनब को भी आज न्यायालय में पेश कर उसके बयान दर्ज किये जायेंगे। पुलिस इस वारदात के छः अभियुक्तों नजीरेखां, गफूरखां, दीतेखां, मुन्सिफ अली, अहमद्दीन, रसीदखां को हिरासत में लिया जा चुका है, जिन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा। इस मामले में अन्य नामजद अभियुक्तों की सरगर्मी से तलाश चल रही है। खाजूवाला वृत्ताधिकारी रजनीश पूनिया ने बताया कि पकडे आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान बताया कि जैनब ने उनकी मर्जी के खिलाफ जाकिर खां ने शादी कर ली। इससे नाराज होकर जाकिर का बीकानेर से अपहरण कर उसे कीटनाशक पिला दिया और मरने के बाद उसे 8 डीकेडी के पास सडक पर डाल दिया। पूनिया ने बताया कि राणेवाला निवासी मृतक के भाई रजाक ने पुलिस में हत्या का मामला दर्ज कराया था।