बीकानेर , हाईकोर्ट की बैंच बीकोनर में स्थापित किए जाने की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर चल रहे आंदोलन को अब संभागीय स्तरीय आंदोलन का रूप देने के लिए शुक्रवार अपरान्ह यहां बीकानेर समेत संभाग के चारों जिलों और तहसीलों के अधिवक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों की एक बैठक का आयोजन किया जायेगा। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित संभाग स्तरीय बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति पर विचार विमर्श किया जायेगा। इस बीच आंदोलन के आज 25वें दिन कचहरी परिसर में धरना व क्रमिक अनशन जारी रहा। आज क्रमिक अनशन पर बैठे अधिवक्ता बाबूसिंह, गिरिराजसिंह, गजराजसिंह, भागीरथसिंह, मूलसिंह, रणधीरसिंह और राजपालसिंह को धरना स्थल पर अपना समर्थन देने पहुंचे मुख्य सचेतक वीरेन्द्र बेनीवाल ने माला पहनाई। इसके अलावा श्रीडूंगरगढ प्रधान छैलूसिंह भी आज अपने समर्थकों के साथ यहां अधिवक्ताओं के आंदोलन को समर्थन देने धरना स्थल पहुंचे।