बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ इलाके में बीती रात सडक हादसों के नाम रही। इस दरम्यान कस्बे की सरदारशहर रोड तिराहे पर एक द्रुतगति से आ रहे ट्रक ने स्फीट कार को अपनी चपेट में ले लिया, हादसे में कार में सवार गाजियाबाद निवासी मोहित शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई तथा उसकी बीवी-बच्चा गंभीर रूप से चोटिल हो गये। थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। जबकि ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। दूसरा सडक हादसा देर रात डेढ बजे श्रीडूंगरगढ से पांच किमी आगे राजमार्ग पर हुआ जिसमें पिकअप और ट्रक की टक्कर के बाद ट्रक पलट जाने से उसमें सवार लाखाराम पुत्र पूर्णाराम हाल निवासी रामपुरा बस्ती, बीकानेर की मौत हो गई। इलाके के हेमासर गांव के समीप भी बीती रात दो ट्रकों में भिडंत हो गयी, इस भिडंत में एक ट्रक का चालक कैलाश दान और उसका खलासी श्यामदास घायल हो गए, जिन्हें श्रीडूंगरगढ के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बीती रात बीकानेर से रतनगढ के लिए रवाना हुई एक टैक्सी भी श्रीडूंगरगढ इलाके में पलटा खा गई, जिसमें सवार चार जने घायल हो गए, घायलों में चौतीना कुआं क्षेत्र निवासी शिवसिंह और अशोक नाई समेत दो जनों को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।