सुरपुर मंदिर समूह को देखकर अभिभूत हुए कलक्टर
10 Oct
2007
सफाई करवाने के दिए निर्देश, युवा समिति बनाकर करवाया जाएगा विकास
डूंगरपुर १० अक्टूबर/जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने मंगलवार सायं शहर के समीपस्थ सुरपुर गांव का दौरा किया और यहां पर स्थापित प्राचीन मंदिर समूह का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
यहां पहचे कलक्टर पवन ने मंदिरों के शिल्प व स्थापत्य की प्रशंसा की और इसके इतिहास के बारे में मौजूद ग्रामीणों से जानकारी ली। माध्यवराय मंदिर और अन्य मंदिरों के पाषाण स्तंभों पर की गई आकर्षक खुदाई को देखकर अभिभूत हुए कलक्टर ने इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए व कहा कि वागड महोत्सव दौरान एक दिन का आयोजन इस स्थान पर करवाये जाए। उन्होंने मंदिर परिसर में क्षतिग्रस्त हो रहे मंदिरों व परिसर में उग रही घास व झाडयों की सफाई करवाने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने मंदिर परिसर के बाहर अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई करने के लिए तहसीलदार जसराम मीणा को निर्देश दिए।
कलक्टर ने मंदिर के पार्श्व में प्राचीन घाटों को भी देखा और इसके प्राकृतिक सौन्दर्य की सराहना करते हुए इसे अद्वितीय बताया। इस मौके पर मौजूद उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड ने ग्रामीण युवाओं की समिति बनाकर इसके रखरखाव व विकास का सुझाव दिया।
इसके बाद कलक्टर घुघरा गांव के समीप एनीकट पहुंचे और इसके नैसर्गिक सौन्दर्य की सराहना करते हुए इस स्थान से नीलापानी स्थल तक केमल सफारी प्रारंभ करने की योजना बनाने को कहा। उन्होंने यहां एनीकट के मिट्टी जमा होने से उथले होने की जानकारी पर इसकी सफाई करवाने के भी निर्देश ग्राम सचिव को दिए। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड, तहसीलदार जसराम मीणा, नायब तहसीलदार नीता वसीटा, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता डूंगरलाल ननोमा भी मौजूद थे।
|