मुंबई। पिछले साल सुरक्षा चिंताओं के कारण दक्षिण अफ्रीका में खेला गया इंडियन प्रीमियर लीग [आईपीएल] अपने तीसरे सत्र के साथ स्वदेश वापस लौट आया है और शुक्रवार से शुरू होने वाले इस लोकप्रिय ट्वंटी 20 टूर्नामेंट के पहले मैच में गत विजेता डक्कन चार्जर्स का मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से होगा। डीवाई पाटिल स्टेडियम में इस पहले मैच से पूर्व उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें बॉलीवुड स्टार दीपिका पादुकोण सहित लियोनल रिची और ब्जोर्न आगान जैसे शीर्ष अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपना जलवा बिखेरेंगे। यह टूर्नामेंट 45 दिन तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में शानदार आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा जिसके बाद ही इस मैदान पर आईपीएल के दूसरे सत्र की नंबर एक [डक्कन चार्जर्स] और नंबर आठ [कोलकाता नाइटराइडर्स] टीमों के बीच टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला जाएगा। आईपीएल के दूसरे दिन दक्षिण मुंबई स्थित ब्रेबोर्न स्टेडियम में क्रिकेट के दो महान खिलाड़ियों की टीमें भिड़ेंगी। एक तरफ होगी सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस तो दूसरी तरफ 2008 में जीत दर्ज करने वाली शेन वार्न की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स होगी।