जयपुर, गुलाबी नगर के खेल प्रेमी २०-२० क्रिकेट के रोमांच के बाद १२ से १८ अक्टूबर के मध्य जयपुर विकास प्राधिकरण के जगतपुरा स्थित ओएसिस कॉम्पलेक्स में कॉमनवेल्थ एरीना आमंत्रित पोलो प्रतियोगिता में घोडों की तेज रफ्तार के बीच खिलाडयों के हुनर से रुबरु होंगे ।
जयपुर को मिली एरीना पोलो की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इसे एक बडी उपलब्धि बताया है । उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि इस आयोजन से गुलाबी नगर में ना केवल खेलों अपितु खेल पर्यटन को भी बढावा मिलेगा ।
फटाफट क्रिकेट की तजर् पर एरीना पोलो को रोमांचक बनाने के लिये इसके मैदान के आकार को पोलो के ९१ गुणा १८० से कम कर ४० गुणा ९० मीटर का रखा जाता है । जहां सामान्य पोलो में पक्ष-प्रतिपक्ष के बीच ६-६ पोलो खिलाडी घोडों पर सवार होकर खेलते हैं वहीं एरीना पोलो में ३-३ घोडों का उपयोग होता है । इस खेल में बॉल का आकार भी बडा होता है ।
जेडीए आयुक्त डी.बी. गुप्ता ने बताया कि कॉमनवेल्थ एरीना पोलो के इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिये जेडीए युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है । इसके लिये इंडोर स्टेडियम में १२०० दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है । एरीना पूर्णतया वातानुकूलित बनाया जा रहा है । उल्लेखनीय है कि लंदन में शुक्रवार को इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी जयपुर को सौंपी गई थी । इस प्रतियोगिता में भारत, इंग्लैण्ड, दक्षिण अफ्रीका सहित ६ देश हिस्सा लेंगे ।