जयपुर, 11 जून। प्रदेश में घरेलू और बडे उद्योगों पर शुक्रवार से कटौती लगाने का निर्णय किया गया है। उत्तरी भारत में अंधड से कई प्रसारण लाइनें ठप होने और कई इकाइयों में तकनीकी खराबी के कारण उत्पादन अचानक बंद हो जाने से शहरी क्षेत्रों व बडे उद्योगों पर कटौती लगाने का निर्णय किया गया है।
बिजली कंपनियों के निर्णय के अनुसार शुक्रवार से जयपुर शहर में प्रतिदिन दो घंटे, संभागीय मुख्यालयों पर 3 घंटे, जिला मुख्यालयों पर चार घंटे, नगरपालिका वाले कस्बों में पांच घंटे और पांच हजार से अधिक की आबादी वाले गांवों और कस्बों में छह घंटे की कटौती की जाएगी। इसके साथ ही 3 एमवीए से अधिक भार वाले बडे उद्योगों पर यह कटौती तुरंत प्रभाव से 24 घंटे के लिए लागू होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश और केन्द्र के कई बिजलीघरों की इकाईयों में उत्पादन ठप होने से बिजली की कमी चल रही थी। इस बीच उत्तरी भारत में आए अंधड से 400 केवी और 220 केवी की आधा दर्जन प्रसारण लाइनों के खंभे गिर जाने से बिजली मिलना मुश्किल हो गया। ऐसे हालात में बिजली कंपनियां आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए एनर्जी एक्सचेंज से जो बिजली खरीद रही थीं उसके मिलने में भी बाधा आ गई है। इसके कारण प्रदेश में बिजली की आपूर्तिर् में 150 लाख से अधिक यूनिट की उपलब्धि में कमी आ गई। अभी इन लाइनों के ठीक होने में एक सप्ताह लगने की संभावना है। इन लाइनों के ठप होने से राजस्थान को केन्द्रीय बिजलीघरों से मिलने वाली अपनी हिस्से की बिजली मिलने में परेशानी हुई है वहीं एनर्जी एक्सचेंज से खरीदी जाने वाली बिजली भी कम मिल रही है।