आठ जिलों में असामान्य वर्षा, बारह में सामान्य से अधिक
11 Aug
2008
जयपुर, राज्य में चौतरफा हो रही बरसात से लगता है इस बार प्रदेश में मानसून महरबान है। लगभग सभी संभागों में एक दो जिलों को छोडकर एक जून से 10 जुलाई तक हुई व्यापक वर्षा से किसानों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दे रही है।
उपनिदेशक (जल विज्ञान) जल संसाधन विभाग के कार्यालय में विभिन्न स्रोतों से एकत्रा सूचना के अनुसार प्रदेश के आठ जिलों में असामान्य वर्षा दर्ज हुई है। ये जिले हैं - चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ, जैसलमेर, धौलपुर, करौली, अलवर एवं दौसा में सामान्य के मुकाबले ६० प्रतिशत और इससे अधिक बरसात दर्ज की गई है। इसके साथ ही 20 से 59 प्रतिशत तक अधिक वर्षा बारह जिलों बीकानेर, जोधपुर, बाडमेर, नागौर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, कोटा, बारां, चित्तौडगढ जिलों में होने की सूचना है।
सात जिलों अजमेर, भीलवाडा, टोंक, बूंदी, झालावाड, उदयपुर तथा प्रतापगढ में सामान्य वर्षा होने के समाचार हैं जबकि छह जिले जालौर, पाली, सिरोही, बांसवाडा, डूंगरपुर और राजसमन्द में सामान्य से कम वर्षा रिकार्ड हुई है। वर्ष २००७ में असामान्य बरसात वाले जिलों की संख्या 3 तथा 6 जिलों में सामान्य से अधिक बरसात हुई थी। पिछले वर्ष १९ जिलों में सामान्य तथा ४ जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई थी।
इस वर्ष मानसून में अब तक 20 बांध पूर्ण रूप से भर गये हैं जबकि 165 बांधों में आंशिक रूप से पानी आया है। राज्य में वर्तमान में 67 बांध खाली हैं। अब तक के रिकार्ड आंकडों के अनुसार वर्तमान में बांधों में भराव क्षमता का 47.98 प्रतिशत पानी आ चुका है। पार्वती डेम (धौलपुर), मानसरोवर (अलवर), रामसागर(धौलपुर), पांचना डेम, कालीसिंन्ध, नीदर एवं मामचारी (करौली), मानसरोवर (सवाईमाधोपुर), सहोदरा (टोंक), जालीवाडा (जोधपुर), गोपालपुरा, बिलास, उम्मेदसागर, इकलेरा सागर, रताई, कालीसोन एवं छतरपुरा (बारां), बरधा एवं इन्डाणी (बूंदी) तथा गागरी (प्रतापगढ) बांध भरे हुए हैं।
|