बीकानेर, साहित्य अकादमी नई दिल्ली द्वारा बीकानेर के रोटरी भवन में आज की राजस्थानी कविता पर केन्दि्रत त्रिदिवसीय संगोष्ठी 19 सितम्बर से 21 सितम्बर तक आयोजित की गई है।
राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के उप सचिव पृथ्वी राज रतनू ने बताया कि त्रिदिवसीय संगोष्ठी का उद्घाटन 21 सितम्बर को दोपहर ढाई बजे बीकानेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.सी.बी.गेना करेंगे और स्वागत भाषण साहित्य अकादमी के उप सचिव रेणू मोहन भान देगी। संगोष्ठी की अध्यक्षता राजस्थानी परामर्श मंडल साहित्य अकादमी के संयोजक चन्द्र प्रकाश देवल करेंगे और बीज भाषण नन्द भारद्धाज का होगा। धन्यवाद साहित्य अकादमी के सहायक संपादक एस.सी.शर्मा ज्ञापित करेंगे।
रतनू ने बताया कि दूसरे सत्र में सांय साढे चार बजे ‘आजादी री अलख 1857 से 1947 तक की कविता‘ की अध्यक्षता भंवर सिंह सामौर करेंगे और गोविन्दशंकर शर्मा, आईदान भाटी व श्याम सुन्दर भारती द्वारा पत्रवाचन किया जायेगा। सांय छः बजे तेजसिंह जोधा, अर्जुन देव चारण, वासु आयार्च, लक्ष्मी नारायण रंगा, भवानी शंकर व्यास ‘विनोद‘ व आईदान सिंह भाटी द्वारा कविता पाठ किया जायेगा।
उप सचिव ने बताया कि 20 सितम्बर को संगोष्ठी की शुरूआत सुबह साढे नौ बजे से होगी। पहले सत्रा की अध्यक्षता भवानी शंकर व्यास‘विनोद‘ करेंगे और किरण नाहटा,रामेश्वर दयाल श्रीमती तथा ज्योति पुंज द्वारा पत्रवाचन किया जायेगा। ‘परंपरा सूं प्रयाण-नुंवी कविता रौ मंडाण‘ दूसरे सत्र की अध्यक्षता अर्जुन देव चारण करेंगे और पत्रवाचन कुन्दन माली, मंगत बादल, चेतन स्वामी व ओम पुरोहित करेंगे। सांय पांच बजे के सत्र में मोहन आलोक, मालचन्द तिवाडी, उपेन्द्र ‘अणु‘, शंकर सिंह राजपुरोहित, अरविन्द आसिया व कैलाश मंडेला का कविता पाठ होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह साढे नौ बजे ‘कुदरत री कोरणीः राजस्थानी रौ प्रकृति-काव्य‘पर आयोजित प्रथम सत्रा की अध्यक्षता मालचन्द तिवाडी करेंगे और मदन सैनी, सुमन बिस्सा व कुन्दन सिंह सजल द्वारा पर्चा पढा जायेगा। ‘राजस्थानी कविता में नुवां रौ रचावः गीत, गजल, हाइकू, डांखळा इथ्याद‘ सत्र सुबह साढे ग्यारह बजे होगा। जिसकी अध्यक्षता तेज सिंह जोधा करेंगे और अतुल कनक,रामस्वरूप किसान व प्रकाश अमरावत द्वारा पर्चा पढा जायेगा।
उन्होंने बताया कि त्रिदिवसीय संगोष्ठी के तीन बजे समापन होने वाले सत्र की अध्यक्षता निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ.के.के.पाठक करेंगे और मुख्य अतिथि नन्द किशोर आचार्य होंगे।