जयपुर। विद्युत वितरण निगमों की ओर से आगामी रबी सीजन के दौरान किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया को और तेज किया जा रहा है। तीनों निगमों की ओर से इस वित्तीय वर्ष में करीब 60 हजार कृषि कनेक्शन जारी करने की तैयारी है। तीनों विद्युत निगमों के अध्यक्ष आर.जी. गुप्ता ने बताया कि निगमों ने इस वर्ष अभी तक 51 हजार 970 डिमाण्ड नोटिस जारी किए हैं, जिनमें से अगस्त माह तक 45 हजार 189 डिमाण्ड नोटिस जमा हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर विद्युत वितरण निगम की ओर से सर्वाधिक 22 हजार 850 डिमाण्ड नोटिस जारी किए गए हैं, वहीं जोधपुर और अजमेर वितरण निगमों की ओर से क्रमशः 15 हजार 597 और 13 हजार 523 डिमाण्ड नोटिस जारी किए हैं। तीनों निगमों की ओर से अभी तक करीब 17 हजार कृषि कनेक्शन जारी भी किए जा चुके हैं। अगस्त माह में 3 हजार 611 कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं। गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष के कुछ बकाया कृषि कनेक्शनों सहित मार्च 2010 तक कुल 60 हजार कृषि कनेक्शन जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही कृषि कनेक्शन में मार्च 2007 तक की बकाया सूची का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी फसल को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं कि जिनके डिमाण्ड नोटिस जमा हो चुके हैं, उनको अक्टूबर तक अधिकाधिक कृषि कनेक्शन जारी कर दिए जाएं। इसके लिए आवश्यक सामग्री जुटा लेने की व्यवस्था भी की गई है।