जयपुर। राज्य सरकार ने आज एक आदेश जारी कर राज्य कर्मचारियों को देय महंगाई भत्तों की दरों में एक जुलाई, 2009 से संशोधन किया है। आदेश के अनुसार राज्य कर्मचारियों को उनके मूल वेतन पर अब 22 के स्थान पर 27 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। आदेश के अनुसार राज्य कर्मचारियों के जुलाई एवं अगस्त माह के बढे हुए महंगाई भत्ते के एरियर को उनके सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा किया जाएगा जबकि एक सितम्बर, 2009 से नकद भुगतान किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि राज्य कर्मचारियों की केन्द्र सरकार के अनुरूप महंगाई भत्ता तुरंत देने वाला राजस्थान देश का पहला प्रदेश है। इससे पहले भी केन्द्र सरकार की ओर से महंगाई भत्ते की घोषणा के तुरंत बाद राज्य सरकार ने राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढा दिया था। एक अन्य आदेश के तहत राज्य सरकार ने कार्य प्रभारित (वर्क चार्ज्ड) कर्मचारियों के महंगाई भत्तों की दरों में भी वृद्घि की है। कार्य प्रभारित कर्मचारियों के बढे हुए महंगाई भत्ते के जुलाई एवं अगस्त,2009 के एरियर को उनके सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा किया जाएगा और एक सितम्बर से नकद भुगतान किया जाएगा। इसी प्रकार राज्य सरकार ने राज्य सरकार के पेंशनर्स का भी महंगाई भत्ता 22 से बढाकर 27 प्रतिशत कर दिया है।