डूंगरपुर ११ अक्टूबर/जिले में सैकण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम में मात्रत्मक एवं गुणात्मक दृष्टि से उन्नयन किये जाने की दिशा में जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने विशेष प्रयासों की आवश्यकता जताते हुए निजी व राजकीय विद्यालयों के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को अतिरिक्त कक्षाएं लेते हुए शैक्षिक उन्नयन में सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए है। उन्होंने शिक्षाधिकारियों को आगामी दिनों में जिला मुख्यालय के विद्यालयों में गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय की विशेष कक्षाएं आयोजित करने की व्यवस्था करने को निर्देशित भी किया है।
इस संबंध में कलक्टर पवन ने गुरुवार को स्थानीय जिला कलक्टर कार्यालय में डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर स्थित विद्यालयों निजी व राजकीय विद्यालयों के विषयाध्यापकों व शिक्षाधिकारियों की एक बैठक ली और निर्देश प्रदान किए ।
उन्हने कहा कि प्रत्येक विषय के लिए राजकीय व निजी विद्यालयों के शिक्षक अपने शिक्षण कौशल का उपयोग करते हुए विशेष शिक्षण करावें और शत प्रतिशत परिणाम अर्जित करने का प्रयास करें। उन्हनें कहा कि इस प्रकार की योजना से विद्यार्थियों को अतिरिक्त शिक्षण का लाभ भी मिल सकेगा एवं विशेष प्रयासों की आवश्यकता रखने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रभावी शिक्षण हेतु विेशिष्ट प्रयास भी किये जा सकेंगे।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मनोज शर्मा , शैक्षिक प्रकोष्ठ अधिकारी प्राणजीवन शाह सहित शहर के विभिन्न राजकीय व अराजकीय माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अंग्रेजी, गणित व विज्ञान विषय का अध्यापन कराने वाले शिक्षक शिक्षिका उपस्थित थे।
१७ से आयोजित होंगी कक्षाएं इस संबंध में शक्षिक प्रकोष्ठ अधिकारी प्राणजीवन शाह ने बताया कि गणित, अंग्रेजी व विज्ञान विषय का शिक्षण कार्य सायं ४ से ६ बजे तक गौरीशंकर उपाध्याय माध्यमिक विद्यालय नं. ६ में १७ अक्टूबर से प्रारंभ होगा। इस हेतु जिला मुख्यालय के विद्यालयों के संस्था प्रधान अपने विद्यार्थियों का पंजीयन गौरीशंकर उपाध्याय माध्यमिक विद्यालय में १५ अक्टूबर तक करा सकेंगे। शिक्षकों का पैनल बनाया -
बैठक में प्राईवेट व सरकारी स्कूलों के अंग्रेजी, विज्ञान व गणित विषयों के अध्यापक-अध्यापिकाओं का पैनल भी बनाया गया। पैनल में विद्यानिकेतन माध्यमिक विद्यालय गोकुलपुरा के मनीष भट्ट, विकास व्यास, विक्रम जोशी, संत पेट्रिक उच्च माध्यमिक विद्यालय के नबीउल्ला खां, बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय टाउन के दयानन्द पण्ड्या व गायत्री उपाध्याय, गौरीशंकर उपाध्याय उमावि की भावना दीक्षित व ममता शर्मा को सम्मिलित किया गया।