बीकानेर नगर निगम चुनावों के लिए आज प्रमुख दलों भाजपा कांग्रेस समेत संयुक्त मोर्चे तथा बसपा द्वारा घोषित महापौर पद के उम्मीदवारों एवं वार्ड प्रत्याशियों के नामांकन दाखिले के साथ ही यहां चुनावी चौसर बिछ गई है तथा राजनैतिक माहौल भी जबरदस्त गर्माया गया है। इस दफा हो रहे नगर निगम चुनावों के माहौल में खास बात यह है कि इन चुनावों की गर्माहट यहां राजनैतिक हल्कों समेत शहर के गली मोहल्लों में भी अपना असर दिखा रही है। शहर के राजनैतिक हल्कों में जहां महापौर पद के उम्मीदवारों की जीत के लिए रणनीतियां बनाई जा रही है वहीं गली मोहल्लों में वार्ड प्रत्याशियों की टक्कर को लेकर जोरदार चुनावी मशक्कत चल रही है। जानकारी में रहे कि आज निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिले की प्रक्रिया के अंतिम दिन यहां कांग्रेस की ओर से महापौर पद के लिए दावेदार भवानीशंकर शर्मा, भाजपा प्रत्याशी गोपाल गहलोत, बसपा प्रत्याशी बंशीलाल प्रजापत और संयुक्त मोर्चा ने निर्दलीय अशोक आचार्य को अपना समर्थन दिया है, जिन्होंने उत्साह के साथ अपने नामांकन दाखिल किए। इसके अलावा बडी तादाद में वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों ने जोश खरोश के साथ नामांकन दाखिल कर दिये है।
नामांकन दाखिले के साथ ही अब राजनैतिक जोडतोड और चुनावी समीकरणों को लेकर कवायद तेज हो गई है। राजनैतिक विश्लेषकों ने भी चुनावी माहौल को लेकर गणना करनी शुरू कर दी है, जिनका आंकलन है कि बीकानेर नगर निगम महापौर पद के पहली दफा हो रहे इस चुनावी घमासान में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर होगी, जबकि वार्डों में हो रही चुनावी टक्कर में इस बार अनेक वार्डों में प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को अपनी पार्टी के बागियों समेत अन्य पार्टियों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों से लौहा लेना पडेगा। जानकारी के अनुसार शहर में ऐसे अनेक वार्ड है जहां भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले संयुक्त मोर्चा तथा बसपा के उम्मीदवार दमदार है जबकि अनेक वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी भी खास दमखम वाले है। आज नामांकन दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा के चुनावी रणनीतिकार फिलहाल पार्टी जनों के बीच में उपजे असंतोष के माहौल को शांत करने में जुट गये है, वहीं दूसरी तरफ संयुक्त मोर्चा और बसपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है।