सांस्कृतिक संध्या की तैयारियां शुरुः कलाकारों का पूर्वाभ्यास
12 Jan
2008
राज्य स्तरीय गणतंत्रा दिवस समारोह
जयपुर, १२ जनवरी । आगामी २६ जनवरी को अजमेर में होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्रा दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर होने वाली मनमोहक सांस्कृतिक संध्या की तैयारियां अजमेर में जोर-शोर से चल रही हैं। विभिन्न स्थानों पर कलाकारों का पूर्वाभ्यास मनमोहक ढंग से चल रहा है ।
आल सेंट स्कूल , सावित्री कॉलेज, लक्ष्मी नयन तथा मेयो गर्ल्स स्कूल में विभिन्न कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास में सैंकडों कलाकार भाग ले रहे हैं जिनकी कला देखते ही बनती है ।
प्रसिद्ध कोरियोग्राफर गोस्वामी श्री सुशील महाराज विभिन्न कलाकारों की कला को निखारने के लिए मार्ग दर्शन दे रहे हैं । करीब १४० कलाकारों को श्री राजेन्द्र सिंह के निर्देशन में ’’ बलिदान तुम्हारा, नमन हमारा‘‘ कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है जिसमें १८५७ से १९४७ तक की स्वतंत्राता आंदोलन की क्रांति का प्रदर्शन किया जाएगा ।
श्री दीपक खींची के निर्देशन में ’’ए बुके ऑफ राजस्थान फोक डंस‘‘ का पूर्वाभ्यास सावित्री कन्या महाविद्यालय के सभागार में चल रहा है जिसमें राजस्थान की कला और संस्कृति की अनूठी छाप प्रस्तुत होगी ।
श्रीमती स्मिता भार्गव के निर्देशन में ’’आराधना‘‘ कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास जोर-शोर से चल रहा है जिसमें ५० बालिकायें भरत नाट्यम के माध्यम से आराधना की प्रस्तुति करेंगी ।
मेयो गर्ल्स स्कूल की छात्रायें अपने स्कूल परिसर में चल रहे पूर्वाभ्यास में राजस्थानी संस्कृति व कला को मनमोहक तरीके से प्रस्तुत कर रही हैं ।
गणतंत्रा दिवस की इस पूर्व सांस्कृतिक संध्या का निर्देशन अजमेर के प्रसिद्ध रंगकर्मी श्री संतोष गुप्ता कर रहे हैं।
|