श्री हनुमान जी पित्तर जी मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार की स्थापना
सूरतगढ, (विकास यादव) श्री हनुमान जी पित्तर जी मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार की स्थापना के उपलक्ष में सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जबकि भगतसिंह चौक में जारी श्रीरामकथा के दौरान शनिवार शाम निकाली कलश यात्रा आकर्षण का केन्द्र रही। इन यात्राओं के कारण शहर का माहौल धर्ममय हो गया।
बद्रीनाथ धाम से पधारे सीताराम जी महाराज के सानिध्य में जारी श्रीराम कथा के तहत निकाली कलश यात्रा कथा स्थल भगतसिंह चौक से रवाना हुई। कलश यात्रा में सबसे आगे तीन घोडों पर राजस्थानी पौशाक में सवार व्यक्ति चल रहे थे। वहीं ढोल नगाडे वाले भी नृत्य करते हुए माहौल को मस्त करते रहे। इसके बाद सिर पर कलश उठाये बडी तादाद में महिलाएं भजन गाती हुई चल रही थी। स्थानीय व पंजाब से बैण्ड की टोलियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को धार्मिक रंग में रंग दिया। जलालाबाद से आये कलाकारों की संजीव झांकियों ने भी कलश यात्रा को भव्यता प्रदान की। इसी तरह गले में श्रीराम लिखा लाल रंग का दुपट्टा पहने कार्यकर्ता व्यवस्था बनाने में जुटे हुए थे। सीताराम जी महाराज सहित अन्य संत जन बग्गी में सवार थे। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। श्रमजीवी पत्रकार परिषद व महावीर इन्टरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर मार्ग पर कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शर्बत पिलाया गया। श्री किशन पित्तर जी मंदिर द्वारा निकाली कलश यात्रा में भी सैकडों की तादाद श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें दूरदराज से भी बडी तादाद में महिला-पुरुषों ने शिरकत की मंदिर से शुरू हुई काफी लम्बी कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से हुई वापिस वहीं पहुंचकर विसर्जित हुई। राम दरबार की मूर्तियों के साथ पित्तर जी की आदमकद प्रतिमा के अलावा विभिन्न संजीव झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। इसी तरह घोडी पर जजमान शिखरचंद रांका के सुपुत्र तथा मुख्य वाहन पर भागवत वेता पं. मारुतिनन्दन शास्त्री बैठे थे। इसी तरह मारवाड से आये ढोल वादकों की टोली तथा उसके पीछे लोक गायन अपनी प्रस्तुतियां दे रहे थे। प्रभारी प्रेमाबाई के अनुसार मूर्ति स्थापना रामनवमी सोमवार को होगी। शोभायात्रा में दिल्ली, कलकता, मुम्बई, बीकानेर, बूंदी, जयपुर, देहरादूर, सालासर सहित अनेक स्थानों से श्रद्धालु शामिल हुए।
सुन्दरसिंह भण्डारी की जयंती मनाई
सूरतगढ, (विकास यादव) भाजपा नगर व देहात मण्डलों की संयुक्त बैठक पार्टी कार्यालय में जिला महामंत्री नरेन्द्र घिंटला की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर स्व. सुन्दरसिंह भण्डारी की जयंती मनाई गई। जिला महामंत्री घिंटाला ने स्व. भण्डारी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्श अपनाने का आह्वान किया। इसके अलावा नगर अध्यक्ष विजयकुमार गोयल, महामंत्री किशन भार्गव, देहात अध्यक्ष गुमानाराम पूनियां ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में 14 अप्रेल को बीकानेर में आयोजित डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर आयोजित संभाग स्तरीय समारोह में शामिल होने की रणनीति बनाई गई। इस सन्दर्भ में नगर मण्डल से 10 व देहात मण्डल से 30 बसें समारोह में भेजने का निर्णय लिया गया। इसके लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किये गए हैं। इस अवसर पर पूर्व जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश सरावगी, महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष श्रीमती रजनी मोदी, किसान मोर्चा अध्यक्ष ओम चाहर, जिला कार्यकारिणी सदस्य उजागर सिंह बराड, युवा मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण छींपा, नगर उपाध्यक्ष पवन ओझा, पार्षद व नगर कोषाध्यक्ष सुशील अग्रवाल, नगरपालिका प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष धर्मदास सिंधी, पूर्व महामंत्री गुरदर्शनसिंह सोढी, आनन्द शर्मा, लालचंद शर्मा, राजेन्द्र कायस्थ, आत्माराम तेहरपुरिया आदि उपस्थित हुए।
अम्बेडकर जयंती पर गोष्ठी का आयोजन
सूरतगढ, (विकास यादव) अम्बेडकर जयंती पर उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ ने 14 अप्रेल को सुबह 10 बजे शाखा कार्यक्रम में गोष्ठी का आयोजन करने का निर्णय लिया है। प्रवक्ता राजेश कुमार पीपल के अनुसार गोष्ठी का विषय ‘मानवीय मूल्यों के रक्षक भीमराव अम्बेडकर’ होगा। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष नारायण प्रसाद मुख्य अतिथि तथा स्टेशन अधीक्षक डी.सी. पाण्डे विशिष्ट अतिथि होंगे।
मोतियाबिंद जांच शिविर रविवार को चौपडा धर्मशाला में
सूरतगढ, (विकास यादव) सेठ सुखलाल चौपडा मैमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में मोतियाबिंद जांच शिविर रविवार को चौपडा धर्मशाला में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में आंखों की सामान्य जांच के साथ मोतियाबिंद योग्य रोगियों का ऑपरेशन श्री जगदम्बा धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, श्रीगंगानगर में ले जाकर करवाया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेन्द्र चौपडा के मुताबिक शुगर व ब्लड प्रेशर के रोगियों का ऑपरेशन ये रोग नियंत्रित होने पर ही करना सम्भव होगा।