डूंगरपुर १२ जुलाई/ प्रदेश की पर्यटन एवं देवस्थान राज्यमंत्री उषा पूनिया ने कहा है कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढावा देने के लिए प्रयासरत है और इसी दृष्टि से बेणेश्वरधाम पर आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधाओं हेतु सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किये जा रहे है। श्रीमती पूनिया गुरूवार को जिले की एकदिवसीय यात्रा के तहत आदिवासियों के आस्था स्थ्ल बेणेश्वरधाम स्थित संत मावजी फाउण्डेशन संग्रहालय में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर उन्हने कहा कि बेणेश्वर धाम लाखों लोगों की आस्था का केन्द्र है ऐसे में पर्यटन विकास की दृष्टि से सरकार द्वारा भी प्रयास किए जा रहे है कि इसके माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रृद्धालुओं और यहां आने वाले पर्यटकों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से राज्य सरकार द्वारा प्रथम चरण में ५० लाख रूपयों की राशि स्वीकृत करते हुए विभिन्न निर्माण कार्य करवाये जा रहे है और अगले चरण में योजनानुसार किये जाने वाले कार्यो के संबंध में प्रस्ताव विचाराधीन ह। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आमजनों से आग्रह किया कि धाम पर विभाग द्वारा करवाये जा रहे विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करें और धाम के विकास के सहभागी बनें। उन्होंने मौजूद श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि धाम पर करवाये जा रहे कार्य समय सीमा में करवाये जायेंगे ताकि यहां आने वाले अधिकाधिक श्रद्धालुओं को लाभान्वित किया जा सके। इससे पूर्व पर्यटन विभागीय प्रमुख शासन सचिव मीरा महर्षि और पर्यटन आयुक्त उषा शर्मा के साथ उदयपुर से बेणेश्वरधाम पहुंची पूनिया ने आज बेणेश्वरधाम परिसर का अवलोकन किया और कहा कि लाखों लोगों की आस्थास्थली बेणेश्वर धाम पर आने पर उन्हें भी आत्मिक शांति की अनुभूति हुई है। बेणेश्वर धाम परिसर का अवलोकन करते हुए पर्यटन मंत्री ने जिला कलेक्टर नीरज के पवन से पर्यटन की दृष्टि से यहां पर करवाये जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने धाम परिसर के लिए प्रस्तावित कार्यों के बारे में भी पूछा। जिला कलेक्टर ने बेणेश्वरधाम के साथ ही जिले के अन्य आस्थास्थलों के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर फिल्म निर्माता संजय अग्रवाल ने संत मावजी और उनकी भविष्यवाणियों पर निर्माणाधीन फिल्म के बारे में जानकारी दी और कहा कि संत मावजी की भविष्यवाणियों का गहन अध्ययन किया जाए तो कई वैज्ञानिक तथ्य सामने आ सकते हैं। आरंभ में यहां पहुंचने पर मंत्री का धाम के महन्त अच्युतानंद, जिला कलेक्टर नीरज के पवन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह, उपखण्ड अधिकारी बी एल मीणा ने स्वागत किया। इस अवसर पर पर्यटन उपआयुक्त हर्ष सावनसुखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवन्त सिंह, उपखण्ड अधिकारी बी एल मीणा, पर्यटन उपनिदेशक एस के सक्सेना, विकास अधिकारी ओपी मीणा, तहसीलदार एनके मीणा, शिवालय ट्रस्ट के अध्यक्ष बलवंत सिंंह वालई सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।