जयपुर। राज्य में सर्व शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है और वेतन मद में इस वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 410 करोड रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अभियान के तहत जुलाई के वेतन के लिए आवश्यक राशि जिलों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। आयुक्त सर्व शिक्षा अभियान ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2009-10 की वार्षिक कार्य योजना के तहत सर्व शिक्षा अभियान में वेतन पेटे 1279 करोड 50 लाख रुपये का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि इस वित्त वर्ष के प्रथम 4 माह में समस्त मदों के लिए 632 करोड 68 लाख रुपये की राशि जिलों एवं निदेशक, संस्कृत शिक्षा को हस्तान्तरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्ष के प्रथम चार माह अप्रेल से जुलाई तक का अनुपातिक शिक्षक वेतन बजट 425 करोड रुपये होता है जिसमें से जिलों से प्राप्त सूचना के अनुसार इस वर्ष वेतन मद में अब तक 41॰ करोड रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि सर्व शिक्षा अभियान में वर्ष के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार से किश्तों में राशि प्राप्त होती है तथा राशि की उपलब्धता के अनुसार जिलों को राशि भेजी जाती है। आयुक्त, सर्व शिक्षा अभियान ने बताया कि डी.पी.ई.पी. प्रथम एवं द्वितीय चरण के 19 जिलों में कार्यरत बी.आर.सी.एफ., सी.आर.सी.एफ. एवं आर.पी. के वेतन के संबंध में स्कूल एवं संस्कृत शिक्षा विभाग ने 16 जुलाई, 2009 को आदेश जारी कर मार्च से जून, 2009 तक अथवा उनके कार्य ग्रहण की वास्तविक दिनांक (जो भी बाद में हो) की अवधि के लिए वेतन एवं एरियर भुगतान नवीन पद से करने की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस आदेश के पश्चात् संबंधित को भुगतान की कार्यवाही की जा रही है।