जयपुर। खाद्य राज्यमंत्री बाबू लाल नागर ने बताया कि राज्य में उपभोक्ता को आवेदन करने पर तीन दिन में नये गैस कनेक्शन एवं डबल सिलेण्डर उपलब्ध करा दिये जायेगें। नागर की अध्यक्षता में आज यहां सचिवालय में ऑयल कम्पनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि इण्डियन ऑयल एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड प्रदेश में आवेदन करने वाले उपभोक्ता को तीन दिन में नये गैस कनेक्शन एवं डीपीसी सिलेण्डर उपलब्ध करायेगी। उन्होंने बताया कि भारत पेट्रोलियम कम्पनी में बकाया चल रहे 40 हजार नये गैस कनेक्शन एवं 26 हजार डीबीसी के आवेदन पत्रों को सितम्बर माह तक कनेक्शन जारी कर दिये जायेंगे। नागर ने बताया कि प्रदेश में गैस एजेन्सियों द्वारा नये कनेक्शन जारी करने पर निर्धारित सिक्यूरिटी राशि के अतिरिक्त कोई अन्य सामान देने की जानकारी मिलने पर गैस एजेंसी के विरूद्घ कार्यवाही की जायेगी। नागर ने बताया कि राज्य में गैस उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीनों पेट्रोलियम कम्पनियां अपने टोल फ्री नम्बर गैस सिलेण्डर पर प्रिन्ट करायेगी अथवा स्टीकर लगायेगी जिससे उपभोक्ता आसानी से गैस सिलेण्डर बुक करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि गैस सिलेण्डर बुक कराने के लिए निर्धारित समय 21 दिन की सीमा को हटाकर तत्काल गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कम्पनियों को निर्देश दिये गये हैं। ऑयल कम्पनियों ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है। नागर ने बताया कि प्रदेश में अभी भी लगभग 40 प्रतिशत तहसील मुख्यालयों पर गैस एजेन्सी नहीं है। बैठक में निर्णय लिया गया कि चालू वित्तीय वर्ष के अन्त तक सभी तहसील मुख्यालयों पर गैस एजेन्सी खोलने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी जायेगी नागर ने बताया कि राज्य में केरोसीन के थोक विक्रेता तहसीलवार नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया हैं। बैठक में नागर ने राज्य में रिलायन्स एवं एस्सार कम्पनियों को बन्द पडे पेट्रोल पम्पों को तत्काल चालू करने के भी निर्देश दिये। बैठक में खाद्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री ओ.पी.मीणा, अतिरिक्त आयुक्त ओ.पी.यादव, उपायुक्त एम.एल.यादव, आयॅल कम्पनियों के राज्य स्तरीय समन्वयक एवं इण्डियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड के महाप्रबन्धक गौतम बोस, श्री सुब्रतो बर्मा, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के मुख्य क्षेत्रीय प्रबन्धक ए.के.जैन, भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन के पी.के.रामनाथन, एस्सार कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबन्धक संजय लूथरा एवं रिलायन्स के क्षेत्रीय प्रबन्धक विक्रम सिंह राव के अलावा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।