बांसवाडा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोटागांव में हाल ही शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ५३ वीं जिलास्तरीय विद्यालयी (छात्रा-छात्रा) खेलकूद प्रतियोगिता में संत पॉल स्कूल के छात्रा लवीश शुक्ला ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अव्वल स्थान हासिल किया है।
लवीश शुक्ला टीटी एसोसिएशन के तत्वावधान में वर्ष २००७ में आयोजित जिलास्तरीय ओपन प्रतियोगिता के जूनियर एकल वर्ग तथा सीनियर डबल्स में चैम्पियन रह चुके हैं। इससे पहले पिछले दो वर्ष से वे शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित टीटी प्रतियोगिता में डबल्स में बाजी जीत चुके हैं। लवीश नई पीढी के ऐसे हुनरमन्द खिलाडी हैं जो गंगानगर और कोटा में राज्यस्तरीय टीटी प्रतियोगिता में भी बांसवाडा जिले का प्रतिनिधित्व कर बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। लवीश राष्ट्रीय स्तर के टीटी खिलाडी शरद कमल को अपना आदर्श मानते हैं। लवीश राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपना फन आजमाने के लिए निरन्तर अभ्यास में जुटे हुए हैं।
टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश भट्ट सहित एसोसिएशन के सचिव अनुराग दुबे, घनश्याम जोशी, अशोक पटेल, राजेश शर्मा, दीपेश जोशी, हरिओम शर्मा, इरशाद सिद्दीकी आदि ने लवीश को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और शुभकामनाएं व्यक्त की।