सूरतगढ विद्युत कटौती के विरोध मे जबर्दस्त रोष
13 Jul
2009

सूरतगढ, विद्युत कमी के नाम पर लग रहे बिजली के लम्बे कट से परेशान लोगों ने प्रशासन व विद्युत निगम के अधिकारियों को ज्ञापन देकर व्यवस्था सुधारने के लिए 2 दिन का अल्टीमेटम दिया है। आक्रोशित लोगों ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब हक पाने के लिए वे आर पार की लडाई लडने को तैयार है।
संयुक्त व्यापारिक संगठन के आह्वान पर शहर के व्यापारिक, धार्मिक, राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के बडी तादाद में लोग सोमवार सुबह करणानी धर्मशाला में एकत्रित हुए। इस अवसर पर लोगों ने रोष जताया कि भीषण गर्मी में भरी दोपहरी के दौरान पांच घण्टे की कटौती के बावजूद निगम पावर कट के नाम पर दो-दो घण्टे बिजली बंद कर लोगों को परेशान कर रहा है। यह भी कहा गया कि सुपर थर्मल पॉवर सूरतगढ में होने के कारण प्रदूषण, कोयले की गाडियों के कारण फाटक बंद की समस्या इलाके के लोग झेल रहे हैं। इसके बाद भी लम्बे विद्युत कट लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। इसे अब सहन नहीं किया जायेगा। इसके बाद संयुक्त व्यापारिक संगठन के प्रधान भगवानदास धींगडा की अगुवाई में आक्रोशित लोग विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पहुंचकर अधिशाषी अभियंता के.एल. घुघरवाल का घेराव कर ज्ञापन दिया। इस दौरान लोगों ने कहा कि विद्युत कटौती जिला मुख्यालय के बराबर 4 घण्टे की जाये। साथ ही कटौती सुबह 6 से 8 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक की जाये। इसमें अधिशाषी अभियंता ने असमर्थता व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश मिलते है। इस पर लोगों ने कहा कि अगर दो दिन में व्यवस्था सही ढंग से नहीं की गई तो बुधवार को आंदोलनात्मक कदम उठाया जायेगा। इसके अलावा इन लोगों ने अतिरिक्त कलेक्टर हनुमानदान सिंह को ज्ञापन की प्रतिलिपि देकर लोगों के आक्रोश से अवगत करवाया। इस दौरान व्यापार मण्डल के अध्यक्ष महेश कुमार सेखसरिया, उपाध्यक्ष रायचंद डागा, खुदरा विक्रेता संघ के अध्यक्ष मनोज सोमानी, किसान नेता राजेन्द्र भादू, पूर्व मंत्री रामप्रताप कासनिया, महावीर इन्टरनेशनल के अध्यक्ष संजय बैद, जोन चैयरमेन सुरेश सिडाना, भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष विजय कुमार गोयल, जिला मंत्री सोहनलाल अग्रवाल, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री प्रयागचंद अग्रवाल, बिल्डिंग मैटेरियल एसोसिएशन के सूरज मूंधडा, पत्रकार परिषद के संरक्षक करणीदान सिंह राजपूत, महिला नेता श्रीमती राजेश सिडाना, श्रीमती रजनी मोदी, फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष मिड्ढा, आवासन मण्डल कल्याणकारी समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह टण्डन, पंजाबी वैलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष पीताम्बर दत्त शर्मा, कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपीराम शर्मा, सचिव शंकर लाल मूंधडा, श्री माहेश्वरी सेवा सदन समिति के अध्यक्ष शिवशंकर सोमानी सहित बडी तादाद में शहर के गणमान्य लोग इस दौरान शामिल थे।
इसी क्रम में शिव सेना के नगर प्रमुख सुरेश कोल के नेतृत्व में बिजली कटौती व पेयजल समस्या को लेकर उपखण्ड कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर रोष जताया गया। मुख्यमंत्री के नाम दिये ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि मूलभूत सुविधा को सुधारा नहीं गया तो 72 घण्टे बाद आंदोलन शुरू किया जायेगा। इस दौरान शिव सेना के उप नगर प्रमुख जगदीश स्वामी, सचिव महेन्द्र जाटव, राष्ट्रतंत्र के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र मुदगल, सतीश सिंगल, किसन स्वामी, शिव ऑटो यूनियन के राजेन्द्र वर्मा, अली खान मौजूद थे।
शिव सेना के ही एक अन्य प्रतिनिधि मण्डल ने 220 केवी जीएसएस पर प्रदर्शन कर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में हो रही विद्युत कटौती को बंद करने की मांग की है। इस दौरान उप जिला प्रमुख ओम राजपुरोहित, तहसील प्रमुख अनिल शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के विकास दीप गाबा, बजरंग दल के जिला संयोजक महेन्द्र नागर सहित बडी संख्या में लोग उपस्थित थे।
विद्युत कटौती को लेकर ही जयप्रकाश गहलोत व पार्षद अजय धींगडा के नेतृत्व में एडीएम को ज्ञापन दिया गया। प्रतिनिधि मण्डल में दिनेश शर्मा, पार्षद परमजीत पम्मी, ब्रह्मप्रकाश डागला, लादूराम स्वामी, ओमप्रकाश, कुलविन्द्र सिंह, रजनीश मिश्रा, संजय सोनी आदि लोग शामिल थे। प्रतिनिधि मण्डल ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र विद्युत कटौती को सुचारू नहीं किया गया तो तुगलकी फरमान के खिलाफ आंदोलन किया जायेगा।
|