बीकानेर। स्वाधीनता दिवस समारोह 15 अगस्त को पूर्ण गरिमा, देश भक्ति की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रमों के साथ डा. करणीसिंह स्टेडियम में उल्लास पूर्वक मनाया जायेगा। मुख्य समारोह का महाभ्यास गुरुवार को अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) असरफ अली के आतिथ्य में हुआ। महाअभ्यास में पहली बार एन.सी.सी. कैडेटों ने घुड सवारी का प्रदर्शन कर सराहना ली। स्वाधीनता दिवस को गरिमा, देश भक्ति की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रमों के साथ उल्लास पूर्वक मनाने को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मुख्य समारोह राजकीय डा. करणी सिंह स्टेडियम में सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजा रोहण करने के साथ शुरू होगा। समारोह में मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। महामहिम राज्य पाल महोदय के संदेश का पठन किया जाएगा। महाअभ्यास में अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन असरफ अली ने परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में आर.ए.सी,अरबन होमगार्ड,एन.सी.सी.,स्काउट-गाइड की टुकडयां शामिल हुई। स्कूली छात्रा-छात्राओं ने व्यायाम का प्रदर्शन किया। राजस्थानी वेशभूषा पहने बालिकाओ ने राजस्थानी सामूहिक नृत्य पेश किया। 15 अगस्त को शाम पांच बजे फोर्ट स्कूल मैंदान में स्काउट गाइड रैली होगी। स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को टाउन हॉल में सांय चार बजे स्कूली छात्रा-छात्राओं का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। जिसमें राजस्थानी लोक गीत, नृत्य व देश भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का महाभ्यास अतिरिक्त कलक्टर (नगर) अर्जुन राम चौधरी के आतिथ्य में बुधवार को डी.पी.एस.स्कूल हॉल में हुआ।