इंदिरा गाँधी नहर परियोजना के प्रथम चरण का किसान जहाँ आंदोलित है वहीं अब दूसरे चरण के किसानों ने भी अपनी आवाज उठानी शुरू कर दी है। इसी के तहत आज इंदिरा गाँधी नहर परियोजना के दूसरे चरण के किसानों ने बीकानेर जिले के कोलायत बज्जू व पूगल की मंडियों में बंद रखा। इस बंद का आज व्यापक असर देखने को मिला। इन इलाकों की मंडियाँ आज पूरी तरह से बंद रही। यातायात पर भी बंद का अच्छा असर देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों मे चलने वाली बसों का आवागमन आज कम रहा। इस दौरान यहां बाजारों व गैर सरकारी संस्थानों में भी बंद रखा गया। बंद के समर्थक घूम घूम कर बंद करवा रहे थे। इसी बंद के दौरान बज्जू मे किसानों ने विशाल सभा का आयोजन रखा। इस सभा को सामाजिक न्यायामंच के प्रदेशाध्यक्ष व कोलायत विधायक देवीसिंह भाटी सहित काँग्रेस के नेता हुकमाराम विश्नोई ने भी संबोधित किया। इस सभा में वक्ताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि दूसरे चरण का किसान अपने साथ हो रहे अन्याय को स्वीकार नहीं करेगा। किसानों ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि अगर किसी भी दबाब में आकर राज्य सरकार ने प्रथम चरण के किसानों की नाजायज माँगों को माना तो परिणाम बुरे होंगे।
बंद के मद्देनजर प्रशासन ने पुलिस का व्यापक प्रबंध कर रखा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गिर्राज मीणा स्वयं पूरी स्थिति पर नजर रखने के लिए मौजूद थे। अतिरिक्त कलेक्टर पी सी मावर भी बंद के दौरान व्यवस्था संभाले हुए थे। मावर ने कोलायत व पूगल का दौरा कर बंद का पूरा जायजा लिया।