निःशक्त जन कल्याण शिविर १५ से
13 Nov
2007
जिले भर में होंगे शिविर, हाथों हाथ बनेंगे निःशक्तजन प्रमाण पत्र व पास
डूंगरपुर १३ नवंबर/निशक्त जनों की सहायतार्थ जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आगामी १५ से २० नवंबर तक जिले की समस्त पंचायत समिति मुख्यालयों पर निशक्त जन कल्याण शिविर आयोजित किये जाएंगे।
जिला कलक्टर नीरज के. पवन ने बताया कि १५ नवंबर को पंचायत समिति डूंगरपुर, १६ को पंचायत समिति आसपुर, १७ को पंचायत समिति सागवाडा, १९ को पंचायत समिति सीमलवाडा व २० को पंचायत समिति बिछीवाडा में पंचायत समिति परिसर में प्रातः १० से सायं ५ बजे तक शिविर आयोजित किये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन शिविरों में चिकित्सा विभाग द्वारा गठित मेडीकल बोर्ड द्वारा निशक्तजनों को प्रमाण पत्र व अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र जारी किये जाएंगे। राजस्थान राज्य परिवहन निगम द्वारा मौके पर ही* निशक्तजनों को यात्रा पास, जिला रोजगार अधिकारी द्वारा निशक्तजनों का पंजीयन व रोजगार अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में उद्योग विभाग, राजस्थान अनुजा निगम, राजस संघ द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार योजना, विश्वास योजनान्तर्गत आवेदन पत्र तैयार कर स्वरोजगार दिलाने की कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक व प्रारंभिक द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के निशक्त जन छात्रवृत्ति आवेदन पत्र तैयार कराये जाएंगे।
शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग व महावीर विकलांग सहायता समिति द्वारा निशक्तजनों को जिला मुख्यालय पर आयोजित किये जाने वाले शिविरों के लिए ट्राई साईकिल, बैसाखी, केलीपर्स, श्रवण यंत्र तथा कृत्रिम अंग हेतु चिहृत किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त अन्य योजनाओं के बाबत जैसे निशक्तजन पेंशन, रेलवे पास, विकलांग छात्रवृत्ति, आस्था योजना, विश्वास योजना, सुखद जीवन योजना बाबत आवेदन पत्र तैयार कराये जाएंगे। महावीर इन्टरनेशनल द्वारा जिले में पोलियोग्रस्त योग्य रोगियों का चयन कर उन्ह लाभान्वित किया जाएगा।
उक्त शिविरों में मौके पर तहसीलदार, हल्का पटवारी, विकास अधिकारी व ग्राम सेवक उपस्थित रहेंगे। जिला कलक्टर पवन ने जिले के समस्त निशक्तजनों से अपील की है कि इन योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु शिविरों में उपस्थित होवें।
|