नई दिल्ली में होगा अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-२००७
13 Nov
2007 नई दिल्ली के प्रगति मैदान में बुधवार से शुरू हो रहे २७वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के लिए राजस्थान के भव्य एवं आकर्षक पवेलियन में तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।
हनुमानगढ , १३ नवम्बर। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में बुधवार से शुरू हो रहे २७वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के लिए राजस्थान के भव्य एवं आकर्षक पवेलियन में तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। राजस्थान सूचना केन्द्र नई दिल्ली से प्राप्त समाचार के अनुसार राजस्थान लघु उद्योग के अध्यक्ष श्री मेघराज लोहिया ने मंडप में चल रही तैयारियों का अंतिम जायजा लिया। पैवेलियन का इस वर्ष के लिए भारतीय व्यापार संवर्घन प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मुख्य विषय ’प्रोसेसड फूड्स और एग्रो इंडस्ट्रीज‘ के अनुरूप सजाया गया है।
राजस्थान मंडप के निदेशक श्री रवि अग्रवाल ने बताया कि पैवेलियन के बाहरी भाग को राजस्थान की प्रसिद्ध भित्ति चित्र कला की पिछुवाई शैली से सजाया गया है। समस्त भित्ति चित्रें का मुख्य विषय भगवान कृष्ण की बाल क्रीडाओं, रास लीलाओं और ग्वाल लीला है। राजस्थान के कलाकार अपने आकर्षक रंग संयोजन से मंडप के मुख्य द्वारा को अंतिम रूप दे रहे हैं।
श्री अग्रवाल ने बताया कि पैवेलियन के मुख्य थीम एरिया में राजस्थान की प्रसिद्ध सुनहरी हवेली की प्रतिकृति बनाई गई है। मंडप के दाहिनी ओर इस वर्ष के थीम के अनुरूप राजस्थान कृषि उत्पादों यथा मसालों की दुकानों को सुंदर और आकर्षक तरीके से दिखाया गया है जो प्रदेश के मसालों के क्षेत्र में अग्रणी प्रदर्शन को दर्शाती है।
मंडप के बाई ओर ’फूल गोभी‘ का विशालकाय डमी और उसके चारों ओर भुट्टा, टमाटर, आंवला, लाल मिर्च की प्रतिकृतियों को दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त अंदर सूचना पेनल्स में यह दर्शाया जाएगा कि राजस्थान मात्र एक मरू प्रदेश ही नहीं अपितु बाजरा, सरसों, तिलहनों जैसे कृषि उत्पादों में देश में प्रथम है एवं अन्य कृषि उत्पादों में भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। साथ ही ब्रांड राजस्थान के नाम से तिलम संघ द्वारा उत्पादित राजस्थान के विभिन्न उत्पादों को दर्शाया जाएगा।
राजस्थान मंडप के प्रबंधक श्री चरण जीत चौधरी ने बताया कि पैवेलियन में एक ’बिजनेस सेंटर‘ भी खोला जाएगा जिसमें रीको, आर.एफ.सी., बिप आदि विभागों से वरिष्ठ अधिकारी प्रदेश में निवेश, उद्योग और अन्य संबंध में जिज्ञासुओं द्वारा मंागी गई जानकारियां प्रदान करेंगे ताकि प्रदेश की श्रेष्ठ छवि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उभर सके।