विगत सरकार के गत छह माह के निर्णयों की समीक्षा होगी
13 Dec
2008
जयपुर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विगत सरकार द्वारा गत कुछ समयावधि में लिए गये निर्णयों की समीक्षा कर शीघ्र इसकी सूचना मंत्रिमण्डल सचिवालय को भेजने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री आज शपथ ग्रहण पश्चात सीधे शासन सचिवालय आए और उन्होंने मुख्य सचिव से इस सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की।
मुख्य सचिव ने इन निर्देशों की पालना में सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव एवं शासन सचिव को एक जून, 2008 से लिये गये विभिन्न प्रकार के निर्णयों की सूचना 26 दिसम्बर, 2008 तक मंत्रिमण्डल सचिवालय को भेजने के लिए पाबन्द किया है। जिन मामलों की समीक्षा की जानी है उनमें मंत्रिमण्डल निर्णय, जिनकी पालना शेष है व जिनकी पालना हो चुकी है, मुख्यमंत्री, मंत्री एवं प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव स्तर पर लिये गये ऐसे निर्णय जिनमें निजी व्यक्ति, संगठन को लाभ पहुंचाने की सम्भावना जैसे मामले सम्मिलित हैं, इसमें आवास, भूमि का आवंटन एवं इसी प्रकार के अन्य लाभ शामिल हैं।
इसके अलावा राज्य सरकार अथवा विभागाध्यक्ष स्तर पर निर्धारित मानदण्ड की अनदेखी कर प्रदत्त किये गये ठेकों की भी जानकारी भेजने को कहा गया है।
|