सूरतगढ, 14 जनवरी। रामपुरा न्यौला के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की आठवीं कक्षा में पढने वाले हरदीपसिंह वडवाल ने 53 वीं राष्ट्रीय एथलेटिस विद्यालयी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत जिले का नाम रोशन किया है। हरदीप की इस उपलब्धि पर उसके परिजनों व कोच को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
विद्यालय के कोच चन्द्रसिंह सोवना ने बताया कि कोलकता के रविन्द्र सरोवर स्टेडियम में 7 से 11 जनवरी तक आयोजित 53 वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स विद्यालयी प्रतियोगिता (14 वर्ष) में उनके विद्यालय के छात्र हरदीपसिंह पुत्र कुलवंतसिंह ने 13.97 मीटर गोला फैंक स्वर्ण पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाया था।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरदीप के साथ कोच चन्द्रसिंह सोवना, महेन्द्रसिंह सहारण व भीखसिंह देवडा भी कोलकता गए थे। सोवना ने बताया कि रामपुरा न्यौला के इस विद्यालय ने लगातार छः वर्षों तक लडकों की राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिव व चार वर्षों तक लडकियों की चैम्पियनशिप पर कब्जा किया है। जो पूरे राज्य में एक रिकार्ड है।
गौरतलब है कि पिछले माह कोलम्बो में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तहसील के फरीदसर गांव निवासी जसपाल सिंह ओड ने स्वर्ण पदक हासिल कर अन्तर्राष्ट्रीय क्षितिज पर जिले का नाम रोशन किया था।