मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बीकानेर के सर्वांगीण विकास के लिए लगभग ३४० करोड रुपये लागत की २७ घोषणाएं की। इनके तहत बीकानेर में सरकारी कर्मचारियों तथा मध्यम आय वर्ग के परिवारों को ३ हजार भूखंड उपलब्ध करवाए जाएंगे। शहर के ट्रांसपोर्ट व्यवसाइयों को ३० जून २००८ तक पट्टे की मूल राशि जमा करवाने पर ब्याज एवं शास्ति माफ की जाएगी। बीकानेर शहर में सीवरेज लाइन तथा नये सीवरेज प्लांट की स्थापना के लिए ४० करोड रुपये सुलभ करवाने की घोषणा की। उन्होंने बीकानेर में १९० करोड रुपये की लागत से ४०० के.वी.का ग्रिड सब स्टेशन तथा ५ करोड रुपये की लागत से पांच नए विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने, शहर में बिजली के तारों को भूमि गत करने के लिए २० करोड रुपये के प्रावधान, सुगम यातायात की दृष्टि से शहर के व्यस्ततम चौखूंटी रेलवे फाटक पर रेल ओवर ब्रिज बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से १३ करोड रुपये सुलभ करवाने की भी घोषणा भी की।
श्रीमती राजे ने २६ किलोमीटर लम्बे श्रीगंगानगर- जैसलमेर बाइपास के निर्माण के लिए ३५ करोड रुपये, शहर में हल्दी राम की प्याऊ से म्यूजियम चौराहे तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग संख्या ११ के पांच किलोमीटर हिस्से को ४ लेन में परिवर्तित करते हुए ‘गौरव पथ‘ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने सोमवार को ही गौरव पथ की आधार शिला भी रखी। बीकानेर शहर में सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी का गठन करने, अधूरे रवीन्द्र रंगमंच के निर्माण को पूर्ण करने के लिए ६.५ करोड रुपये सुलभ करवाने जैसी घोषणाएं भी की।
मुख्यमंत्री ने बीकानेर में चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढीकरण के लिए पी.बी.एम. अस्पताल परिसर में १० करोड रुपये की लागत से ट्रोमा सेंटर की स्थापना करने, इसी अस्पताल में १६.५ करोड की लागत से हल्दी राम चेरिटेबल ट्रस्ट एवं राज्य सरकार द्वारा निजी-सार्वजनिक भागीदारी में कार्डिक सेंटर की स्थापना करने एवं अस्पताल में नए उपकरणों का क्रय करने के लिए १.४८ करोड रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने अस्पताल परिसर में ही ३ करोड की लागत से अत्याधुनिक मनो चिकित्सा एवं नशामुक्ति केन्द्र की स्थापना करने तथा निजी सार्वजनिक भागीदारी के आधार पर बीकानेर शहर के लगभग ४० हजार स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यकताओं को पूरा करने की भी घोषणा की।
संशोधित अनुप्रति योजना का विस्तार
श्रीमती राजे सोमवार को बीकानेर में डा. भीमराव अम्बेडकर की ११८ वीं जयंती पर सादुल क्लब मैदान में आयोजित विशाल समरसता रैली को सम्बोधित कर रहीं थी। उन्होंने राज्य में अनुसूचित जाति, जनजाति के परिवारों के बच्चों को प्रशासनिक सेवाओं के साथ-साथ आई.आई.टी., आई.आई.एम. एवं राष्ट्रीय स्तर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए संशोधित अनुप्रति योजना का विस्तार करते हुए इस वर्ग के बच्चे जिन्हें १० जमा दो की परीक्षा में ६० प्रतिशत अंक प्राप्त होंगे एवं उनके माता पिता में से कोई आयकर दाता नहीं है और जिनका चयन राजकीय इंजीनियरिंग अथवा मेडिकल कॉलेज में होता है तो उन्हें चयन के उपरान्त दस हजार रुपए एक मुश्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
आदर्श छात्रावास बनेंगे
श्रीमती राजे ने अनुसूचित जाति एवं जन जाति के जिलों में छात्रा छात्रााओं के लिए चिन्हित वर्तमान छात्राावासों में आधारभूत सुविधाओं के लिए आदर्श छात्रावास के रूप में विकसित करने की घोषणा की जिससे ये छात्राावास उत्कृष्टता के केन्द्र के रूप में उभर कर सामने आएं। इनमें अन्य सुविधाओं के साथ-साथ छात्रों के लिए कम्प्यूटर, आधुनिक सुविधा युक्त पुस्तकालय, ट्यूशन पढाने के लिए गणित, अंग्रेजी व विज्ञान के श्रेष्ठतम शिक्षक, ट्यूशन शुल्क का राज्य सरकार द्वारा भुगतान तथा निःशुल्क आवास व भोजन व्यवस्था की जाएगी।
श्रेष्ठ प्रदर्शन पर छात्रों को प्रोत्साहन
उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आठवीं कक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने पर ११०० रुपये तथा दसवीं कक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को २१०० रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जयपुर में अनुसूचित जाति की छात्राओं को उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक आधुनिक सुविधायुक्त छात्रावास का निर्माण करवाया जाएगा। सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित संबल ग्राम विकास योजना के तहत २४६३ अम्बेडकर आदर्श गांव चिन्हित किए गए थे। इन गांवों के विकास के लिए पूर्व में एक करोड रुपये के प्रावधान को बढाकर २ करोड रुपये करने की घोषणा भी की गई।
रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए विशेष इकाई
इसी प्रकार अनुसूचित जाति एवं जनजाति के आठवीं कक्षा उत्तीर्ण लगभग २ लाख बच्चों को रोजगार योग्य बनाने के लिए राजस्थान आजीविका मिशन के तहत एकलव्य नामक नया कार्यक्रम इसी वित्तीय वर्ष से स्वीकृत करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में श्रीमती राजे ने घोषणा की कि इस वर्ग के शिक्षित बेरोजगारों के कौशल में वृद्धि के लिए रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक स्थाई विशेष इकाई का गठन किया जाएगा। इसके तहत पात्रा बेरोजगारों को न केवल प्रशिक्षण दिया जाएगा अपितु स्वरोजगार के लिए बैंक से ऋण-अनुदान दिलाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
काश्तकारों को राहत
श्रीमती राजे ने १३ अगस्त २००८ को बीकानेर में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन करने की घोषणा के साथ कोलायत तहसील के १७३ गांव व ढाणियों के लिए २०२ करोड रुपये की लिफट पेयजल योजना तथा इंदिरा गांधी नहर परियोजना के प्रथम चरण के काश्तकारों द्वारा ३० जून ०८ तक बकाया किश्ते जमा करवाने पर द्वितीय चरण के काश्तकारों की भांति बकाया किश्तों में ब्याज की राशि में छूट देने जैसी घोषणाएं की। उन्होंने बताया कि केशव बाडी योजना के तहत १०० करोड रुपये व्यय किए गए है।
श्रीमती राजे ने नोखा एवं लूणकरनसर पंचायत समिति मुख्यालयों में वर्तमान में बीकानेर जिले के जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता के कार्यालयों को स्थानान्तरित कर इन स्थानों पर नए कार्यालय खोलने की भी घोषणा की ।