बीकानेर, सार्वजनिक निर्माण मंत्री राजेन्द्र राठौड ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या ११ में हल्दीराम प्याऊ से म्यूजियम चौराहा तक दो लेन सडक को अब चार लेन किया जाएगा। कार्य को राष्ट्रीय उच्च मार्गों की वार्षिक योजना २००७-०८ में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्य का तकमीना पोत परिवहन, सडक परिवहन एवं राज मार्ग मंत्राालय, भारत सरकार को प्रेषित किया गया। उन्होंने इस कार्य के लिए २८ मार्च ०८ को ६७४.६३ लाख की स्वीकृति जारी की। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से इसकी निविदा भी जारी हो चुकी है। इस कार्य को सात माह की अवधि में जनवरी २००९ में पूर्ण करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्य में डामरीकृत सतह की चौडाई दोनों तरफ ७.२५ मीटर होगी। दोनों लेन के बीच २.० मीटर चौडाई का मध्यम होगा। डामरीकृत सतह के बाद सडक के दोनों ओर १.० मीटर चौडाई की ग्रेवल पटरी होगी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को अम्बेडकर सर्किल पर स्थित डा. भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान निर्माता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।
मुख्य मंत्री ने अम्बेडकर सर्किल पर उपस्थित लोगों के ज्ञापन लिए। यहां युधिष्ठर सिंह भाटी ने उनका चुनरी ओढाकर अभिनंदन किया। इससे पहले मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे सोमवार को हैलीकॉप्टर से दोपहर को दो दिवसीय बीकानेर यात्राा पर डूंगर कॉलेज परिसर में निर्मित हैलीपैड पर पहुंची। जहां राज्य मंत्री मंडल के सदस्यों, बीकानेर के जन प्रतिनिधियों तथा गणमान्यजनों ने उनका भाव भीना स्वागत किया।
महिलाओं से लिए ज्ञापन
मुख्यमंत्राी श्रीमती वसुंधरा राजे ने सोमवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय के पास के मार्ग पर महिलाओं के बीच गई तथा उनसे ज्ञापन लिए। महिलाओं ने मुख्यमंत्राी के जिन्दाबाद के नारे लगाए तथा चुनरी ओढाकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री कार से अम्बेडकर सर्किल से सार्दुल क्लब मैदान स्थित आयोजित समरसता रैली में हिस्सा लेने के लिए जा रहीं थी। रास्ते के दूसरे छोर में खडी महिलाओं ने उनको ठहरने का आग्रह किया। जिसे स्वीकार करते हुए श्रीमती राजे उनके पास पहुंच गई तथा उनके अभाव अभियोग सुनकर ज्ञापन लिए।