डूंगरपुर, डाक विभाग द्वारा ’प्राईड ऑफ इण्डिया‘ श्रृंखला में निकाले गए दोनों स्वर्ण टिकट डूंगरपुर के लोकेश गांधी के डाक टिकट संग्रह में भी उपलब्ध है।
भूमि विकास बैंक के सचिव एवं डाक टिकट संग्रहकर्त्ता लोकेश गांधी के समृद्ध संग्रह में ये टिकट गत दिनों ही सम्मिलित हुए है। किशनगढी शैली में राधा पर पूर्व में जारी 20 पैसे के डाक टिकट तथा महात्मा गांधी पर पर जारी 75 पैसे के डाक टिकट की अनुकृति के रूप में बनाए गए दोनों स्वर्ण डाक टिकट गांधी के टिकट संग्रह के अब तक के अनोखे डाक टिकट हैं।
गांधी ने बताया कि द हॉलमार्क ग्रुप ऑफ इण्डिया के सहयोग से भारतीय डाक विभाग द्वारा अब तक के नायाब टिकटों की श्रृंखला में जारी हुए ये दोनों डाक टिकट शुद्ध स्वीस सिल्वर में बने और 24 कैरेट सोने की परत चढे है। विभाग द्वारा इस श्रृंखला में विभिन्न प्रकार के 25 डाक टिकट जारी किए जा रहे हैं जिसमें से दो जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग द्वारा भारत के इतिहास और संस्कृति के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए ये डाक टिकट पूरे विश्व भर के लिए मात्रा 7 हजार 500 की तादाद में ही जारी किए जा रहे हैं। गांधी ने डाक टिकटों के अपने संग्रह पर सम्मिलित होने पर खुशी जाहिर की है।
उल्लेखनीय है कि गांधी के पास विभिन्न देश प्रदेशों के नए और पुराने पांच सौ से ज्यादा डाक टिकटों व सिक्कों का विशाल संग्रह है । इस संग्रह पर विशेष आलेखों की श्रृंखला भी गांधी द्वारा तैयार की जा रही है जिससे वागड अंचल के टिकट संग्रहकर्त्ताओं के साथ ही इसमें रूचि रखने वाले विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन होगा। गांधी की निकट भविष्य में अपने इस संग्रह की प्रदर्शनी भी लगाए जाने की भी योजना है।