उदयपुर, राजस्थान स्कूटर पार्ट्स डीलर्स फेडरेशन का द्वि-वार्षिक अधिवेशन आज फिल्ड क्लब के प्रांगण में चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पारस सिंघवी एवं चेम्बर के मंत्री किरण चन्द्र लसोड के विशिष्ठ आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
अधिवेशन में मुख्य रूप से फेडरेशन की मजबूती तथा व्यापारियों एवं ऑटो पार्ट्स उपभोक्ताओं की सुविधाओ एवं सेवाओं पर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुई। अधिवेशन में आगामी द्वि-वार्षिक कार्यकाल के लिए प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व निर्विरोध निर्वाचन के साथ उदयपुर के प्रकाश दोषी को सौंपा गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने मुख्य रूप से ऑटो पार्ट्स पर राज्य में वेट की दरों में कमी करने तथा ऑटो पार्ट्स पर 1 प्रतिशत प्रवेश शुल्क समाप्त करने की मांग की तथा इस हेतु सरकार के साथ चर्चाएं मांग पत्र देने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल, बिहार, उडीसा तथा अन्य कुछ राज्यों में वेट 4 प्रतिशत लिया जा रहा है जबकि राजस्थान सरकार 12.5 प्रतिशत वेट उगाह रही है।
अधिवेशन में निर्वतमान अध्यक्ष सुभाष मूरकिया एवं सचिव प्रकाश माहेश्वरी तथा उनकी कार्यकारिणी के प्रयासों से तैयार की गयी निर्देशिका का भी विमोचन किया गया। निर्देशिका में राज्य भर के 1500 व्यापारियों के नाम, पते एवं टेलिफोन नम्बर समाविष्ट है।
आज के अधिवेशन की सफलता में फेडरेशन के पदाधिकारी महेन्द्र डागलिया, पूर्व उपाध्यक्ष लियाकत हुसैन एवं पदाधिकारी व सदस्यगणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अधिवेशन में आये हुए सभी सदस्यों को फेडरेशन की ओर स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।