नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास बीकानेर हाउस में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं विनियोजन निगम लि. (रीको) द्वारा 19 अगस्त बुधवार को एक दिन का विशेष औद्योगिक प्रौत्साहन शिविर लगाया जायेगा।
यह जानकारी देते हुए रीको के प्रबंध निदेशक आलोक ने बताया कि शिविर में रीको के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहेंगे। वे राजस्थान में उद्योग लगाने के इच्छुक उद्यमियों को मौके पर ही संभावित परियोजनाओं और रीको द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं के सम्बंध में जानकारी देगें।
उन्होंने बताया कि रीको ने राजस्थान में करीब 300 औद्योगिक क्षेत्रा और थीम पार्क विकसित किए हैं जिनमें अच्छी गुणवत्ता की आधारभूत सुविधाएं मौजूद है। उन्होंने बताया कि रीको द्वारा उद्योगों, वाणिज्यिक और आधारभूत संरचना से सम्बद्ध परियोजनाओं के लिए भूखण्डों का आवंटन करने के साथ ही वित्तीय सहयोग के रूप में ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एन.सी.आर.रीजन) के अन्तर्गत दिल्ली के निकट राज्य के भिवाडी औद्योगिक क्षेत्रा में उद्योगों की स्थापना के लिए भूखण्ड उपलब्ध है। इसी प्रकार के भूखण्ड जयपुर, अजमेर, माऊंट आबू आदि क्षेत्रों में भी आवंटन के लिए मौजूद है।
रीको की विशेषाधिकारी श्रीमती शैली कृष्णानी ने बताया कि दिल्ली में 19 अगस्त बुधवार को आयोजित विशेष औद्योगिक प्रौत्साहन शिविर (बिजनेस मीट) बीकानेर हाउस के कांफ्रेंस हॉल में प्रातः दस बजे से सायं चार बजे तक चलेगा।