बीकानेर। हिन्दी दिवस के अवसर पर सोमवार को भारत संचार निगम लि.बीकानेर आर.के.चौहान ने हिन्दी पखवाडा 2009 का शुभारंभ किया। भारत संचार निगम के सभागार में आयोजित समारोह में चौहान ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को हिन्दी भाषा के उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप महाप्रबन्धक योगेश भास्कर,मुख्य लेखा अधिकारी पी.आर.लील तथा ओ.पी.शर्मा ने भी हिन्दी भाषा के इतिहास और उसके सरकारी कार्यो में उपयोग पर जानकारी दी। हिन्दी पखवाडा के समन्वयक जगदीश बेनीवाल ने बताया कि पूरे पखवाडे में हिन्दी के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 16 सितम्बर को कर्मचारी एवं अधिकारी वर्ग के लिए हिन्दी श्रुति एवं सुलेख प्रतियोगिता, 17 सितम्बर को कनिष्ठ वर्ग कक्षा पांच तक के लिए हिन्दी सुलेख प्रतियोगिता व वरिष्ठ वर्ग कक्षा 6 से 8 तक के लिए हिन्दी सुलेख एवं श्रुति लेख प्रतियोगिता, 18 सितम्बर को वाक्यांश रूपान्तरण (अंग्रेजी से हिन्दी) प्रतियोगिता, 22 सितम्बर को स्वरचित कविताएं का काव्य पाठ प्रतियोगिता, 23 सितम्बर को राजस्थानी संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण विषय पर हिन्दी निबन्ध प्रतियोगिता और 24 सितम्बर को सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिता होगी।