जयपुर। प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग में विगत वर्षों की डी.पी.सी. के समय पदोन्नति के पात्र अध्यापकों की किन्ही कारणवश पदोन्नति नहीं हो पाई एवं ऐसे पात्र अध्यापक जो विगत वर्षों में डी.पी.सी. से वंचित रह गये थे वे आगामी 30 सितम्बर 2009 तक अपनी परिवेदनाएं सम्बन्धित उप निदेशक, जिला शिक्षा अधिकारी को प्रस्तुत कर सकते है। यह जानकारी देते हुए प्रमुख शासन सचिव, स्कूल व संस्कृत शिक्षा डॉ. ललित के. पंवार ने बताया कि प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल ने अध्यापकों के हितों एवं इस संबंध में अध्यापकों से प्राप्त परिवेदनाओं को गंभीरता से लेते हुए विगत वर्षों में आयोजित डी.पी.सी. में जो पात्र अध्यापक किन्ही कारणों से डी.पी.सी से वंचित रह गये थे उनसे परिवेदनाएं प्राप्त कर उनकी रिव्यू डी.पी.सी करने के निर्देश प्रदान किये हैं। डा. पंवार ने बताया कि शिक्षा मंत्री के निर्देशों की अनुपालना में इस प्रकार की विसंगतियों के निराकरण करने के लिए सभी पात्र अध्यापकों से परिवेदनाएं मांगी गई है तथा प्राप्त परिवेदनाओं का परीक्षण किया जाकर पात्र अध्यापकों की पदोन्नति करने के लिए रिव्यू डी.पी.सी. आयोजित करने के लिए संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये है।