बीकानेर। राजस्थान हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है जिसे जनता का पूर्ण समर्थन प्राप्त हो रहा है। बीकानेर के सभी राजनीतिक व गैर राजनीतिक संगठनों ने आंदोलन को समर्थन दिया है जिसके चलते आज 27वें दिन मशाल जुलूस निकालकर अधिवक्ताओं ने सरकार को आगाह किया कि बीकानेर के अधिवक्ता अपना हक लेने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। आंदोलन के तहत मंगलवार को बीकानेर बंद को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों को अमलीजामा पहना दिया है। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि अधिवक्ताओं के इस ऐतिहासिक आंदोलन अब तक 230 से अधिक राजनीतिक व गैर राजनीतिक संगठनों का समर्थन हासिल हो चुका है जो कि अपने आप में अनोखा है। मंगलवार को बीकानेर बंद को जोरदार जनसमर्थन मिला है जिसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि बीकानेर बंद ऐतिहासिक रहेगा। आंदोलन के 29वें दिन अनिश्चितकाल हडताल व धरने के दौरान क्रमिक अनशन का दौर जारी रहा। धरने पर अधिवक्ता जुगल नारायण पुरोहित, सुरेन्द्र व्यास, श्यामसुंदर सिकलीगर, भरत कुमार पडहार, डॉ. राजेन्द्र व्यास, केवलचंद आदि क्रमिक अनशन पर रहे। हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का न्यायिक कामकाज ठप्प हो गया है तथा गलियारे सूने नजर आ रहे हैं। आंदोलन के तहत जिला बार एसोसिएशन के आहवान पर मंगलवार को घोषित बंद को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस ने कानून व शांति के लिए पुख्ता बंदोबस्त कर लिये हैं। जिला बार एसोसिएशन के सभापति आर.के.दास गुप्ता ने बताया कि बंद को सफल बनाने के लिए अलग अलग कमेटियां गठित की गई हैं। सुबह 11 बजे कोटगेट पर आंदोलन और बंद समर्थक पदाधिकारी एकत्रित होंगे। वरिष्ठ भाजपा नेता व अधिवक्ता सुरेश शर्मा ने भी बीकानेर बंद को सफल बनाने के लिए बीकानेरवासियों से अपील की है।